MP News : मैं सरकार नहीं... ‘परिवार’ चला रहा हूं मैं सौभाग्यशाली मेरी सवा करोड़ बहनें : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास पर्व के 23 वें दिन जिला नीमच के मनासा में जन-दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान सड़कों पर अपार जन- समूह उमड़ पड़ा। लाड़ली बहनों ने भी भैया शिवराज के प्रति स्नेह जताया। मुख्यमंत्री ने विशाल जन सभा और महिला सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अनेकों विकास कार्यों की सौगात देते हुए कमलनाथ और कांग्रेस को कठघरे में लेते कई सवाल किए और लाड़ली बहनों और बेटियों के सम्मान का संकल्प दोहराया।;
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास पर्व के 23 वें दिन जिला नीमच के मनासा में जन-दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान सड़कों पर अपार जन- समूह उमड़ पड़ा। लाड़ली बहनों ने भी भैया शिवराज के प्रति स्नेह जताया। मुख्यमंत्री ने विशाल जन सभा और महिला सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अनेकों विकास कार्यों की सौगात देते हुए कमलनाथ और कांग्रेस को कठघरे में लेते कई सवाल किए और लाड़ली बहनों और बेटियों के सम्मान का संकल्प दोहराया।
खुशहाली को गति प्रदान की
उन्होंने कहा सरकार नहीं परिवार चला रहा हूं, मैं सौभाग्यशाली हूं मेरी सवा करोड़ बहनें हैं। मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को नीमच जिले के मनासा पहुंचे थे। उन्होंने विकास पर्व के अवसर पर 36.76 करोड़ के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण किया एवं 1245 करोड़ से अधिक के 13 कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विभिन्न सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने रामपुरा मनासा माइक्रो उदवहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन कर किसानों के खेतों तक पानी पहुचाने की राह आसान बनाई, किसानों की समृद्धि और खुशहाली को गति प्रदान की।
कमलनाथ ने योजनाएं बंद कर गरीबों का हक मारा: मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी केवल झूठे वादे करते हैं। इन्होंने भाजपा सरकार की सभी योजनाएं बंद करने का पाप किया था, गरीबों के हक को मारकर जनहित की योजनाएं बंद करने वाली कांग्रेस ने संबल जैसी योजना तक बंद कर दी थी। मैं बेटा- बेटियों को लैपटॉप देता था वो भी बंद कर दिया। कमलनाथ ने बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय की बहनों को जो हम एक हजार रुपए प्रतिमाह देते थे। उस योजना को भी बंद कर दिया था। एक्सीडेंट में मौत होने पर मैं 4 लाख देता हूं। कमलनाथ ने वो भी बंद कर दिए। मैं तीर्थ यात्रा करवाता था वे भी इन्होंने बंद कर दी। भाजपा की सरकार ने फिर से योजनाएं शुरू कर दी हैं, अब बुजुर्ग हवाई जहाज से यात्रा करने जा रहे हैं।
‘असंभव’ शब्द मेरे शब्दकोश में नहीं
सीएम चौहान ने कहा कि असंभव शब्द मेरे शब्दकोश में नहीं है। गांधी सागर पहले भी था, पानी भी था, लेकिन इस पानी को लाने की बात जब कांग्रेस की सरकार से करते थे, दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों से करते थे, तो वह कहते थे असंभव है। यह हो ही नहीं सकता। यह पानी आ ही नहीं सकता। पर शिवराज आपके सामने खड़ा है। आज फिर कह रहा हूं, असंभव शब्द किसान भाइयों मेरे शब्दकोश में नहीं है, हर खेत में पानी जाएगा यह संकल्प हमारा है। इसलिए अभी तो गांधीसागर है, यह मनासा रामपुरा योजना है और नीमच जावद योजना को भी जल्द ही शुरू करूंगा। सीएम ने कहा कि गांधी सागर का पानी जाएगा, यह योजना 3500 करोड़ की है।