MP Weather Update : भोपाल सहित आधा दर्जन जिलों में 2 डिग्री तक गिरा दिन का पारा

राजधानी सहित आधा दर्जन जिलों में सोमवार को दो डिग्री तक गिरावट से दिन सुकूनभरा रहा।;

Update: 2023-10-24 03:06 GMT

भोपाल। राजधानी सहित आधा दर्जन जिलों में सोमवार को दो डिग्री तक गिरावट से दिन सुकूनभरा रहा। दिन के तापमान में गिरावट ज्यादातर जिलों में रही, लेकिन सबसे अधिक गिरावट भोपाल, शिवपुरी, जबलपुर में 2-2 डिग्री तक रही। यहां औसत पारा 31 डिग्री रहा। प्रदेश में रात का औसत पारा 17.6 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी हवाएं कभी उत्तरी तो कभी दक्षिण पश्चिमी हो रही हैं। इससे तापमान में कहीं अधिक जो कहीं कम गिरावट के साथ ही कहीं-कहीं पारा बढ़ भी रहा है। यह सिलसिला तीन से चार दिन और जारी रहेगा।

तेजी से गिरावट होने की उम्मीद

28 से 29 अक्टूबर के बीच हवाएं पूरी तरह उत्तरी होने की उम्मीद है, जिससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट होगी। भोपाल में सोमवार को रात का पार दशमलव 7 डिग्री बढ़कर 17.6 डिग्री रहा, जो सामान्य के करीब है। मंगलवार को इसमें तेजी से गिरावट होने की उम्मीद है।

सुबह-शाम हवाओं में ठंडक:

राजधानी में अभी सुबह-शाम हवाओं में ठंडक घुल रही है। इससे सिहरन का अहसास होने लगा है। साथ ही दिन में भी धूप में ज्यादा तेजी नहीं होने से तापमान में ज्यादा तेजी से उछाल या गिरावट नहीं हो रही है। सोमवार को दिन का तापमान 2 डिग्री गिरकर 31.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से दशमलव 4 डिग्री कम है। हवाओं का रूख अगर मंगलवार को भी दिन में उत्तरी रहा तो तापमान में कुछ कमी आने के साथ ही कुछ कमी भी दर्ज हो सकती है। वहीं रात के पारे में भी गिरावट होगी।

आज मौसम रहेगा राहतभरा:

मौसम वैज्ञानिक शुक्ला के अनुसार सोमवार से मंगलवार की दरमियानी रात में तापमान में कुछ कमी आएगी। मंगलवार दिन में भी हवाएं उत्तरी रह सकती हैं, इससे दिन और रात सुकूनभरे होंगे। हालांकि, अभी शहर में सर्दी और गर्मी का दौर हवाओं के भरोसे है, इस लिए दो दिन मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद अभी नहीं है। 

Tags:    

Similar News