MP Weather Update : लगातार गिर रहा न्यूनतम पारा, दर्ज हुई शहर में सीजन की सबसे ठंडी रात
राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अब रात के तापमान में लगातार गिरावट शुरू हो गई है। शुक्रवार-शनिवार की रात शहर में सीजन की सबसे ठंडी रात रही।;
भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अब रात के तापमान में लगातार गिरावट शुरू हो गई है। शुक्रवार-शनिवार की रात शहर में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन एक डिग्री गिरकर 14.7 डिग्री दर्ज हुआ। यह अक्टूबर महीने में भोपाल में सबसे कम रात का पारा है। इससे पहले बुधवार-गुरुवार की रात पारा 15.8 डिग्री दर्ज हुआ था। एक दिन में ही न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम केंद्र के अनुसार अभी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है।
हवाएं होती जा रहीं उत्तरी, अब लगातार होगी गिरावट
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अब हवाएं धीरे-धीरे शाम से उत्तरी हो रही हैं। दिन में अभी कभी दक्षिण पूर्वी तो कभी उत्तरी हो जाती हैं। इससे दिन के तापमान में भी ज्यादा बदलाव नहीं हो रहा है। नवंबर के पहले सप्ताह से ही हवाएं पूरी तरह उत्तरी होने लगेंगी, जिससे रात का पारा 12 से 13 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि दिन के तापमान में अपेक्षाकृत कुछ गिरावट होगी। हालांकि, धूप में अभी तेजी से रहेगी, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होता रहेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह में दिन के तापमान में भी कुछ गिरावट होने लगेगी।