MP Weather Update : इस महीने ज्यादा नहीं होगी गर्मी, मानसून की विदाई के साथ ही तापमान में शुरू हुई गिरावट
राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रविवार को दिन के तापमान में मामूली गिरावट रही। पश्चिमी मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई जारी है।;
भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रविवार को दिन के तापमान में मामूली गिरावट रही। पश्चिमी मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई जारी है। एक से दो दिन की घट-बढ़ के साथ इसी सप्ताह भोपाल सहित पूरे प्रदेश से मानसून विदाई ले सकता है। मानसून की विदाई के साथ ही हवाओं में भी बदलाव शुरू हो रहा है। इससे तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। पूर्वी प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में 24 घंटे में मामूली बारिश से पारा गिरा, जबकि पश्चिमी मप्र में हवा में नमी के साथ ही रात में हवाएं धीरे-धीरे उत्तरी होने से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। रविवार को राजधानी में दिन का पारा दशमलव एक डिग्री गिरकर 33.3 डिग्री रहा, जबकि गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, पचमढ़ी, शिवपुरी में औसतन आधा डिग्री तक पारा गिरकर औसतन 33 डिग्री तक रहा, यह सामान्य से औसतन एक डिग्री अधिक है।वहीं पूर्वी प्रदेश के खजुराहो, जबलपुर, मंडला, नौगांव, सागर, सतना, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में पारा औसतन 1.3 डिग्री तक गिरा। मौसम केंद्र के अनुसार 24 घंटे में उमरिया, छिंदवाड़ा, मंडला, सिवनी, मलाजखंड में अधिकतम 10 मिमी तक बारिश हुई।
35 डिग्री से अधिक नहीं होगा पारा
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद हवाएं उत्तरी होंगी। इससे तापमान में गिरावट शुरू होगी। भोपाल में अभी तापमान 31 से 35 डिग्री के बीच ही रहेगा। तीसरे हफ्ते या महीने के अंत तक तापमान और कम हो जाएगा। आमतौर पर भोपाल में वर्ष 2013 से 2022 के बीच करीब 4 वर्षों में दिन का पारा 33 से 35 डिग्री के बीच ही रहा, जबकि अन्य वर्षों में यह 35 से 37 डिग्री तक भी पहुंच गया था। इस साल उम्मीद है कि अक्टूबर में पारा 31 से 35 डिग्री के बीच रहेगा। पिछले साल भी 2 अक्टूबर को पारा 33.7 डिग्री रहा है।
अक्टूबर में कब कितना रहा शहर में दिन का पार
वर्ष दिन का पारा
2013 33.5
2014 35.1
2015 37.3
2016 33.3
2017 36.4
2018 35.7
2019 32.8
2020 35.1
2021 35.0
2022 33.7 डिग्री