MP की महिलाओं को राजस्थान में बेचा, मानव तस्करी के मामले में 2 महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से दो महिलाओं को छुड़ाया गया है और पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़िए पूरी खबर-;
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी जबलपुर से महिलाओं को राजस्थान भेजते थे। आरोपियों के कब्जे से दो महिलाओं को छुड़ाया गया है और पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला जबलपुर के ग्वारीघाट व मदन महल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी गरीब और मजदूरी करने वाली महिलाओं को अधिक वेतन दिलाने का झांसा देकर राजस्थान ले जाते थे और वहां उनका सौदा कर देते थे। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि आरोपी महिलाओं को कोटा बेचने के लिए ले गए थे।
आरोपी जरूरतमंद महिलाओं की खोज करते थे फिर बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाते थे। पुलिस ने दो महिलाओं को बरामद किया है। आरोपियों ने ₹2 लाख 80 हजार में महिला को बेच दिया था। मानव तक्सरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं।