सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने नगर निगम जोन स्तर पर बनाएगा टास्क फोर्स
नगर निगम के अधिकारियों की तमाम कोशिशों के बाद भी सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक नहीं लग पा रही है। केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2022 को पूरे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगा दिया था। लेकिन भोपाल में अब भी धड़ल्ले से इसका उपयोग हो रहा है।;
भोपाल। नगर निगम के अधिकारियों की तमाम कोशिशों के बाद भी सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक नहीं लग पा रही है। केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2022 को पूरे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगा दिया था। लेकिन भोपाल में अब भी धड़ल्ले से इसका उपयोग हो रहा है। इसे रोकने के लिए बुधवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा नगर निगम अधिकारियों के साथ विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के लिए बैठक की गई। बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक आइटम पर पूरी तरीके से रोक लगाने के लिए स्पॉट फाइन और जप्ती की कार्रवाई सख्ती के साथ करने के लिए जोन स्तर पर टाॅस्क फोर्स बनाने और भोपाल में 4 नोडल अधिकारी नियुक्त करने पर सहमति बनी। चार प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारियों बृजेंद्र गुप्ता, रविकांत औदिच्य, राकेश शर्मा और राजीव सक्सेना को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इन पदार्थों पर लगेगी रोक :
100 माइक्रोन्स से कम वाली पाॅलीथीन, स्ट्रा, थर्माकाॅल सहित करीब 19 उत्पाद पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। बैठक में निर्णय हुआ कि सिंगल यूज प्लास्टिक के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं को भी सहयोग करने एवं बाजार में उपलब्ध इनके पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही साथ लोगों को इन विकल्पों का उपयोग करने के लिए नगर निगम के सहयोग से अभियान भी चलाया जाएगा। वहीं कार्यवाही के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण करने वाले उद्योगों और थोक विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।