MP : अवैध हथियार फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में असलहा बरामद

डेढ़ साल से अवैध फैक्ट्री का किया जा रहा था संचालन, 16 अवैध हथियार व 11 जिंदा कारतूस जब्त। पढ़िए पूरी खबर-;

Update: 2020-09-25 12:09 GMT

दमोह। पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री में छापा मारा। कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के कछयाना मुहल्ला में अवैध हथियार बनाने की जानकारी मुखबिर से मिलने के बाद पुलिस ने छापा मारा। यहां से पुलिस को पूर्ण निर्मित अवैध हथियारों सहित कारतूस भी मिले वहीं इन हथियारों को बनाने की पूरी फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने इस अवैध फैक्ट्री के संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आज प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि करीब डेढ़ साल से इस अवैध फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी एच आर पांडे ने मुखबिर की सूचना पर कछयाना मुहल्ला निवासी हेमंत पटेल के घर पर छापा मारा तो वहां अवैध हथियार की फैक्ट्री संचालित मिली। साथ ही यहां से अवैध हथियार भी जब्त किए। साथ ही आरोपी की पतासाजी पर अन्य सहयोगी जित्तू ठाकुर व लकी पठान को गिरफ्तार कर उनके पास से भी अवैध फैक्ट्री के बने हथियार व जिंदा कारतूस जब्त किए गये। बताया जा रहा है कि जित्तू ठाकुर व लकी पठान दोनों आरोपी हथियार बेचने का काम करते थे। वहीं एक अन्य आरोपी राहुल बाल्मिक मौके से फरार हो गया।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी हेमंत चौहान ने बताया कि- आरोपियों के तार अन्य जिलों से भी जुड़े होने की आशंका है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही इन्होंने जहां-जहां इन अवैध हथियारों को बेचा है उसका पता लगाया जायेगा। एसपी ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए इनाम देने की बात कही। 

Tags:    

Similar News