MP Election 2023 : सीधी में हुई जनसभा, मान ने शुरू किया आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला
आगामी चुनावों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने 10 अक्टूबर को सीधी में जनसभा की। जिसमें भगवंत मान ने आप प्रत्याशी अनेंद्र गोविंद मिश्रा और आनंद मंगल सिंह को जिताने की अपील की।;
सीधी। आगामी चुनावों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने 10 अक्टूबर को सीधी में जनसभा की। जिसमें भगवंत मान ने आप प्रत्याशी अनेंद्र गोविंद मिश्रा और आनंद मंगल सिंह को जिताने की अपील की। साथ ही इस सभा में एमपी में बिजली के मुद्दे पर भी जनता के समक्ष अपनी बात रखी। साथ ही इस सभा में भाजपा पर कई आरोप भी लगाए गए। जिसमें एमएलए खरीदना, देश को किस्तों में लूटना भी शामिल हैं। सभा में भगवंत मान ने कहा कि जनता को 5 साल में सिर्फ एक दिन में 9 घंटे मिलते हैं, जनता ठान ले तो सत्ता बदली जा सकती है।
जिताने की अपील
पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने चुरहट के रामपुर नैकिन में विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। आप के दोनों दिग्गज नेताओं ने चुरहट से आप प्रत्याशी अनेंद्र गोविंद मिश्रा समेत विंध्य के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की। रामपुर नैकिन के एपीएस स्टेडियम में हुई जनसभा में जैसे ही पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान पहुंचे हजारों लोगों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। वहीं उन्होंने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।
खरीदकर बनाई सरकार
आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुरहट में आज तक कोई अच्छा अस्पताल भी नहीं बन पाया। इलाज के लिए लोगों को भोपाल, लखनऊ जाना पड़ता है। उन्होंने जनता से सवाल पूछा कि आखिर चुरहट में अस्पताल क्यों नहीं बन पाया? क्योंकि अस्पताल का पैसा भाजपा और कांग्रेस के लोग खा गए। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों को छीनकर लेना होगा। संदीप पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जनता ने जब वोट नहीं दिया तो उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को खरीद लिया और सरकार बना ली।
उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल एमएलए खरीदने आते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी यही हाल था लेकिन अरविंद केजरीवाल की सरकार आने के बाद दिल्ली में अच्छे स्कूल,अस्पताल बनाए गए। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और कलेक्टर जैसे पदों पर जा रहे हैं। दिल्ली में हम लोगों को 24 घंटे फ्री बिजली दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में तो बिजली बनती है फिर भी यहाँ के लोगों को बिजली नहीं मिलती।
सीधी क्रांतिकारियों की धरती
पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीधी क्रांतिकारियों की धरती है। आप का इतनी संख्या में आना ये बता रहा है कि मध्य प्रदेश बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार करके लूट लिया। मध्य प्रदेश की मिट्टी को बेच दिया। हमारे शहीदों के कफनों में पैसे खा लिए। बेरोजगारी फैला दी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने 200 सालों में भी इतना नहीं लूटा है जितने अपने वाले लूट रहे हैं। फर्क इतना है कि अंग्रेज एक साथ 200 साल लूट गए और ये 5-5 साल की किश्तों में लूट रहे हैं।
भगवंत मान ने कहा कि जनता को 5 साल में सिर्फ एक दिन में ही सिर्फ 9 घंटे मिलते हैं। जनता ठान ले तो इन 9 घंटों में भी सत्ता बदली जा सकती है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के अच्छे दिन आएं या न आएं लेकिन अरविंद केजरीवाल वाले सच्चे दिन जरूर आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मनीष सिसोदिया ने अच्छे स्कूल बनवाए तो इन्होंने जेल में डाल दिया। सत्येंद्र जैन ने दिल्ली में गरीबों के इलाज के लिए अस्पताल बनवाए तो उन्हें जेल में डाल दिया। संजय सिंह ने संसद में इनके दोस्त के बारे में सवाल पूछा तो संजय सिंह को जेल में डाल दिया। उन्होंने कहा कि हम लोग डरने वाले नहीं हैं। वहीं, मंच पर पंजाब के सीएम भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक ने चुरहट और सीधी के आप प्रत्याशियों का हाथ उठाकर जनता से वोट देने की अपील की।