शिवराज ने कहा- संयुक्त प्रयास हों तो अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है पचमढ़ी, जानिए किसने दिए सुझाव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सतपुड़ा अंचल के अनोखे पर्यटन स्थल पचमढ़ी को राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। पचमढ़ी के पर्यटन विकास के लिए शासन, प्रशासन और आम जन के साथ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।;
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सतपुड़ा अंचल के अनोखे पर्यटन स्थल पचमढ़ी को राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। पचमढ़ी के पर्यटन विकास के लिए शासन, प्रशासन और आम जन के साथ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सांसद के साथ आए लोगों ने दिए सुझाव
मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को पचमढ़ी में चिंतन बैठक प्रारंभ होने के पूर्व उनसे भेंट करने आए सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, माधव दास अग्रवाल, कमल धूत और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री को जनप्रतिनिधियों ने पर्यटन विकास से संबंधित सुझाव भी दिए और स्थानीय स्तर पर संचालित पर्यटन विकास गतिविधियों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पचमढ़ी की जलवायु, पर्वतीय संरचना, वन्य जीवन और नैसर्गिक सौंदर्य अद्भुत है। यहां जनकल्याण के उद्देश से उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। दो दिन से बैठक में राज्य मंत्री परिषद के सदस्यों के साथ गंभीर और सार्थक चर्चा हुई है। अनेक योजना के स्वरुप को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सांसद ने मुख्यमंत्री को की तस्वीर भेंट
सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान को सतपुड़ा अंचल की एक तस्वीर भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने चिंतन बैठक की कार्यवाही शुरू होने के पहले कुछ मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की।