MP Employees strike : प्रदेश के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर
पुरानी पेंशन बहाली और पदोन्नति पर रोक हटाने सहित 39 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर में कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों की हड़ताल का असर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में देखा गया। कर्मचारियों ने मंत्रालय के सामने बैठकर धरना दिया।;
प्रदेश के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर, मंत्रालय के सामने धरना
39 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन
सरकारी कामकाज हुआ प्रभावित
एडिट संजीत धुर्वे
भोपाल। पुरानी पेंशन बहाली और पदोन्नति पर रोक हटाने सहित 39 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर में कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों की हड़ताल का असर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में देखा गया। कर्मचारियों ने मंत्रालय के सामने बैठकर धरना दिया। उधर कांग्रेस ने कर्मचारी संगठनों की मांगों का समर्थन किया है।
एक दिन का लिया सामूहिक अवकाश
39 सूत्रीय मांगो को लेकर मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदेश के कर्मचारियों ने एक दिन का सामूहिक अवकाश लिया। कर्मचारियों ने दावा किया है कि इस दौरान कई कार्यालयों के ताले नहीं खुलें। कर्मचारियों ने मंत्रालय के सामने सभा की और अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगे
—लिपिकों को मंत्रालय के समान 2800, 3600, 4200 ग्रेड पे का लाभ मिले।
—पुरानी पेंशन बहाल की जाए, पदोन्नति पर सात साल से लगी रोक हटाई जाए।
—सेवानिवृत कर्मचारियों को धारा-49 से छूट दी जाए।
—वाहन भत्ता एवं मकान किराया भत्ता सातवें वेतनमान के अनुसार दिया जाए।
—महंगाई भत्ते की बकाया राशि खातों में जमा की जाए।
—कर्मचारियों को परिवीक्षा अवधि पहले की भांति की जाए।
—सीपीसीटी का बंधन समाप्त किया जाए।
—आउटसोर्स प्रथा बंद कर नियमित नियुक्ति ही की जाए।
कांग्रेस ने किया समर्थन
—कर्मचारियों की मांगों का कांग्रेस ने समर्थन किया है। वहीं भाजपा का कहना है, कि प्रदेश की सरकार कर्मचारी हितैषी सरकार है। कर्मचारियों की मांगों पर सरकार विचार करेगी।
चुनाव से पहले संगठनों ने किया मजबूर
इधर कर्मचारियों के इस आंदोलन में, राजपत्रित अधिकारी संघ, न्यू बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता संघ, आईटीआई तकनीकी कर्मचारी संघ, पंचायत सचिव संगठन ने हड़ताल से दूरी बना ली थी,लेकिन चुनावों के ठीक पहले कर्मचारियों ने आंदोलन ने सत्तापक्ष को नए सिरे से रणनीति बनाने के लिए जरूर मजबूर कर दिया है।
पुरानी पेंशन और वरिष्ठता की मांग
पिछोर/शिवपुरी। शुक्रवार को संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर सरकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर हैं। इसी क्रम में पिछोर के मनपुरा संकुल के समस्त कर्मचारी भी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।
प्रदेश स्तर पर करेंगे आंदोलन
इसके पूर्व कर्मचारियों ने संकुल प्राचार्य को ज्ञापन दिया। कर्मचारियों का कहना है पुरानी पेंशन बहाली व वरिष्ठता को लेकर हमने आज सामूहिक अवकाश रखा है। यदि हमारी मांगे पूरी नहीं होती है तो हम प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेंगे।