कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण आज से, नरेला में निकाली शोभायात्रा

पं. श्री प्रदीप मिश्रा के भोपाल आगमन पर शुक्रवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्ना नगर चौराहे से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहा तक हजारों वाहनों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यहां चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।;

Update: 2023-06-10 03:53 GMT

भोपाल। पं. श्री प्रदीप मिश्रा के भोपाल आगमन पर शुक्रवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्ना नगर चौराहे से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहा तक हजारों वाहनों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यहां चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान शहर के सामाजिक संगठनों व हजारों की संख्या में शहरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शनिवार से भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व. कैलाश सारंग एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रसून सारंग की पुण्यस्मृति में पं. श्री प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण का आयोजन पीपुल्स मॉल के पीछे 55 एकड़ के मैदान में किया जा रहा है।

जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वार

शोभा यात्रा के दौरान नरेला विधानसभा क्षेत्र में पं. श्री मिश्रा के दर्शन पाने के लिए श्रद्धालुओं में बेहद उत्साह देखने को मिला। अन्ना नगर चौराहे से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहे तक विभिन्न कॉलोनियों में निकाली गई। यात्रा का सभी श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की ओर से सैकड़ों स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां से शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और शर्बत की भी व्यवस्था की गई थी। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने ढोल नगाडों के साथ ही जोरदार पुष्पवर्षा की जिससे शोभायात्रा मार्ग पर पुष्पों की लगभग 2 इंच मोटी परत दिखाई देने लगी। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना कर पं. श्री मिश्रा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यहां से निकली शोभा यात्रा

पं. श्री मिश्रा की शोभायात्रा नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्ना नगर चौराहे से प्रारंभ हुई। यह यात्रा शाखा ग्राउंड, सुभाष मार्केट, विकास नगर शिव मंदिर, कैलाश नगर, पुराना नगर मुख्य मार्ग, भारती निकेतन, जनता क्वार्टर हनुमान मंदिर से स्वाभीमान चौक रचना नगर, चार मंदिर, मेहता मार्केट, सुभाष खेल मैदान, जोन कार्यालय, गोविंद गार्डन, अप्सरा, पंजाबी बाग, चंद्र स्वीट्स, परिहार चौराहा, राम जानकी मंदिर से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहा पर संपन्न हुई। मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि भोपाल में पहली बार इतने बडे स्तर पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से 10 जून से 14 जून तक दोपहर 2 से 5 बजे श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। कथा में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।

श्रद्धालुओं के लिए कथा स्थल पर भोजन व रहने की व्यवस्था

श्री शिवमहापुराण कथा में शामिल होने के लिए हजारों भक्त भोपाल पहुंचे गये हैं। भोपाल के विभिन्न मंदिरों एवं धर्मशालाओं में उनके रहने व भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं कथा स्थल पर भी व्यापक व्यवस्था की गई है। कथा स्थल पर गर्मी से बचाने के लिए 300 से ज्यादा कूलर के साथ ही वाटर स्प्रिंकलर भी लगाए गए हैं। तीन बड़े डोम के आस पास भी छोटे-छोटे टेंट लगाए गए हैं। कथा में पहुचने के लिए 11 द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। हर द्वार पर सहायता केंद्र बनाये गये हैं। भोपाल से बाहर से आने वाले 50 हजार से ज्यादा स्थाई लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था होगी।

ब्राह्मण समाज करेगा जल सेवा

श्री शिवमहापुराण कथा में शामिल होने के लिए हजारों भक्तों को शीतल जल की सुविधा के लिए ब्राह्मण समाज के लोग जल सेवा करेंगे। ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष गौरीशकंर काका ने बताया कि राजधानी भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग के अथक प्रयास से भोपालवासियों को पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त होने जा रहा है। इस पुण्य काम में ब्राह्मण समाज आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए जल सेवा करेगा।

Tags:    

Similar News