शिवराज-कमलनाथ के बीच सवाल पूछने का सिलसिला जारी, जानिए एक दूसरे से आज पूछे क्या सवाल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बीच सवाल पूछने का सिलसिला लगातार जारी है। रोज की तरह आज भी दोनों के सवाल किसानों पर ही केंद्रित रहे। इससे पता चलता है कि अगला चुनाव किसानों के मुद्दे पर ही लड़ा जाने वाला है।;
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बीच सवाल पूछने का सिलसिला लगातार जारी है। रोज की तरह आज भी दोनों के सवाल किसानों पर ही केंद्रित रहे। इससे पता चलता है कि अगला चुनाव किसानों के मुद्दे पर ही लड़ा जाने वाला है।
शिवराज का कमलनाथ से 14 वां सवाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज सवाल पूछते हुए कमलनाथ से कहा कि सत्ता हमारे लिए साध्य नहीं साधन है। कमलनाथ जी बताएं उनकी अकाउंटेबिलिटी कितनी है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी आपने कहा था कि सहायक कृषि आधारित उद्योगों जैसे पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, उद्यानिकी के लाभ के लिए किसानों को प्रोत्साहन देंगे और रियायती ब्याज दर पर बैंक से 5 वर्ष का ऋण उपलब्ध कराएंगे। सवा साल में क्या किया कांग्रेस बताए? कमलनाथ बताएं?
कमलनाथ ने इस तर्ज पर पूछा सवाल
कमलनाथ ने अपने ट्वीट में कहा कि- 'झूठइ लेना, झूठइ देना। झूठइ भोजन, झूठ चबेना। बोलहिं मधुर बचन जिमि मोरा। खाइ महा अहि हृदय कठोरा।।' इसके आगे उन्होंने लिखा कि शिवराज जी, आप जैसी झूठ की मशीनों के लिए सदियों पहले रामचरितमानस में यह चौपाई लिखी गई थी। इसलिए भगवान से डरिए और झूठी घोषणाएं बंद कर दीजिए। जनता को पुरानी झूठी घोषणाओं का हिसाब दीजिए। नाथ ने पूछा कि आपने भाजपा के दृष्टि पत्र में घोषणा की थी कि हम ढाई लाख करोड़ रुपयों के निवेश के माध्यम से प्रदेश के सिंचित क्षेत्र को अगले 5 वर्षों में दोगुना करेंगे। जनता को सच बताइए कि कितना सिंचित क्षेत्र इस कार्यकाल में बढ़ाया या सिर्फ भ्रष्टाचार ही दोगुना किया है।