वोटर कार्ड को आधार से लिंक करने का काम सुस्त, अफसरों का काम से किनारा, जानिए वजह, कितने फीसदी हुआ काम

मध्यप्रदेश में इन दिनों वोटर कार्ड को आधार से लिंक करने का काम चल रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार इतनी धीमी है कि अभी तक सिर्फ 37 फीसदी ने ही आधार से वोटर कार्ड लिंक कराया है। सबसे ज्यादा पॉश इलाकों में रहने वाले लोग कम रुचि ले रहे हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही अरेरा कॉलोनी, चार इमली, शिवाजी नगर, चूना भट्टी, बिट्टन क्षेत्र, कोहेफिजा, प्रोफेसर कॉलोनी में 12 से 15 फीसदी लोगों ने ही वोटर कार्ड को आधार से लिंक कराया है। इसकी वजह है अफसरों का इस काम से किनारा और लोगों द्वारा खुद यह काम करना।;

Update: 2022-09-08 05:19 GMT

भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों वोटर कार्ड को आधार से लिंक करने का काम चल रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार इतनी धीमी है कि अभी तक सिर्फ 37 फीसदी ने ही आधार से वोटर कार्ड लिंक कराया है। सबसे ज्यादा पॉश इलाकों में रहने वाले लोग कम रुचि ले रहे हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही अरेरा कॉलोनी, चार इमली, शिवाजी नगर, चूना भट्टी, बिट्टन क्षेत्र, कोहेफिजा, प्रोफेसर कॉलोनी में 12 से 15 फीसदी लोगों ने ही वोटर कार्ड को आधार से लिंक कराया है। इसकी वजह है अफसरों का इस काम से किनारा और लोगों द्वारा खुद यह काम करना।

दो सौ बीएलओ का मानदेय रोका

भोपाल नगर निगम सीमा में ही 85 वार्ड में 17 लाख 6637 मतदाता हैं। जिसमें से 23 वार्ड की स्थिति ज्यादा खराब है। इसमें चार इमली का वार्ड भी शामिल है। वहीं पांच सौ के लगभग बीएलओ ऐसे हैं जो काम में ढिलाई बरत रहे हैं। इसमें से 200 का मानदेय रोका गया है। बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के 2 लाख 33 हजार 752 वोटर्स में से 1 लाख 43 हजार वोटर्स ने आधार लिंक करा लिया है। वहीं हुजूर विस के हुजूर तहसील में आने वाले क्षेत्र में 1 लाख 31 हजार 903 मतदाताओं ने वोटर से आधार लिंक करा लिया है। यहां के बीएलओ को एसडीएम हुजूर आकाश श्रीवास्तव ने सम्मानित भी किया है। यहां लगभग काम पूरा हो गया है। दक्षिण पश्चिम विधानसभा में 2 लाख 28 हजार 19 मतदाताओं में से सिर्फ 66 हजार मतदाताओं ने आधार लिंक कराया है। यही हाल बाकी विधानसभा का है।

पहली बार जुड़े युवा मतदाता खुद कर रहे लिंक

बीएलओ की तरफ से बरती जा रही लापरवाही के बीच एक बात अच्छी देखने को मिली है जो नया वोटर मतदाता सूची में जुड़ा है, वह निर्वाचन आयोग के पोर्टल एनवीएसपी डॉट इन पर जाकर खुद आधार को वोटर कार्ड से लिंक करा रहा है। इसे जागरुकता कहें या पहली बार मतदाता सूची में नाम जुडऩे की खुशी, लेकिन वे अपने मोबाइल से आॅनलाइन अपने वोटर कार्ड को आधार से लिंक करा रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा छात्रों की संख्या है। बीयू में पढ़ाई कर रहे छात्र महेंद्र त्रिवेदी बताते हैं कि ये ज्यादा आसान है।

खुद ऐसे कर सकते हैं लिंक

आधार और वोटर आईडी को लिंक करने के लिए आपको एनवीएसपी पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद लिंक करा सकते हैं। जैसे-जैसे प्रक्रिया बढ़ती जाएगी आगे आॅप्शन खुलते जाएंगे।

- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 166 या 51969 पर एक मैसेज भेजकर ईसीलिंक स्पेस ईपीआईसी नंबर स्पेस आधार नंबर टाइप कर भी लिंक करा सकते हैं। ।

- 1950 टोल फ्री नंबर पर भी फोन कर इसे लिंक करा सकते हैं।

Tags:    

Similar News