भारत टॉकीज आरओबी पर शुरू हुआ ट्रैफिक 1 हफ्ते ट्रायल के बाद बिछेगी एक और लेयर

भारत टॉकीज आरओबी पर ट्रैफिक फिर शुरू हो गया। गुरुवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय ने इसका लोकार्पण किया।;

Update: 2023-05-26 04:04 GMT

भोपाल। भारत टॉकीज आरओबी पर ट्रैफिक फिर शुरू हो गया। गुरुवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय ने इसका लोकार्पण किया। अभी ट्रैफिक का ट्रायल किया जा रहा है, एक हफ्ते ट्रायल के बाद पुल की सड़क पर ऊपर की लेयर बिछेगी। इस ब्रिज के शुरू होने से करीब दो लाख लोगों को राहत मिली है। क्योंकि आरओबी बंद होने से करीब 4 माह से 6 किलोमीटर तक का चक्कर लोगों को लगाना पड़ रहा था। करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इस आरओबी को सुधारने में प्रमुख रूप से 360 बेयरिंग और 15 एक्सपोनशन ज्वाइंट बदले गए, जिससे 50 साल पुराने ब्रिज की आयु 25 साल और बढ़ गई।

खास बातें

मंत्री सारंग व महापौर राय ने किया लोकार्पण

मंत्री सारंग ने जीप चलाकर पूर्ण कार्य का निरीक्षण किया

शहर के बड़े क्षेत्र को जोड़ता है आरओबी

आरओबी का लोकार्पण करते समय एक चर्चा के दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि भोपाल के बड़े क्षेत्र को भोपाल स्टेशन से जोड़ने वाले भारत टॉकीज आरओबी को ट्रैफिक के लिए फिर खोल दिया गया है। अभी ब्रिज के ऊपर मास्टिक एस्फाल्ट की लेयर नहीं डाली गई है। एक सप्ताह तक ट्रायल के बाद यह लेयर डाली जाएगी।

यातायात के बढ़ते दबाव से खराब हुआ था ब्रिज

मंत्री सारंग ने बताया कि वर्ष 1972 में निर्मित भारत टॉकीज आरओबी के बेयरिंग और ज्वाइंट यातायात के बढ़ते दबाव और पुराने होने के कारण पूरी तरह खराब हो गए थे। जिससे किसी बड़ी दुर्घटना के होने की आशंका थी। इसके लिए ब्रिज के कुल 360 बेयरिंग और 15 एक्सपोनशन ज्वाइंट बदले गए हैं। इससे ब्रिज की आयु करीब 25 वर्ष और बढ़ गई है।

बजरिया पुलिस चौकी से लेकर संगम तिराहे तक जीप चलाई

मंत्री सारंग ने करीब आधे घंटे तक स्वयं जीप चलाकर ब्रिज पर ट्रायल रन किया। वे भोपाल स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के समीप बजरिया पुलिस चौकी से लेकर ब्रिज की दूसरी ओर संगम तिराहे तक जीप चलाकर पहुंचे। इस दौरान जीप के साथ अन्य दो पहिया व चार पहिया वाहन भी चल रहे थे।

25 मई तक मरम्मत का कार्य पूर्ण करने के दिए थे निर्देश

मंत्री सारंग ने ब्रिज के मरम्मत कार्य में देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिनों के भीतर 25 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। जिसपर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य में गति लाई गई।

Tags:    

Similar News