जबलपुर में दो अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार, लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा
संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के सहायक यंत्री और खाद्य निरीक्षक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पढ़िए पूरी खबर-;
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य निरीक्षक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के सहायक यंत्री को भी रिश्वत लेते पकड़ा गया है। खाद्य निरीक्षक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को 15 हजार रूपये की घूस ले रहे थे। इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने उन्हें धर दबोचा। संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के सहायक यंत्री को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है।
घटना जबलपुर के ओमती इंडियन कॉफी हाउस के सामने घंटाघर की है, जहां खाद्य निरीक्षक खाद्य एवं औषधि प्रशासन पेनेंद्र मेश्राम को 15 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पेनेंद्र मेश्राम ने न्यायालय में लंबित तीन खाद्य प्रकरणों प्रकरणों में सहायता कर न्यायालय से बरी कराने के एवज में 30 हजार रूपये मांगे थे। इन्हें 15 हजार रूपये एडवांस के तौर पर लेते हुये गिरफ्तार किया गया है।
वहीँ संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के सहायक यंत्री आदित्य सिंह को 5 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आदित्य सिंह अपने कार्यालय में 5 हजार रूपये की रिश्वत ले रहा था तभी लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। नैनपुर मण्डला निवासी जाहिद खान से कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अनुमोदन व निकाय नैनपुर पहुंचाने के एवज में 11 हजार रूपये की रिश्वत मांगी गई थी। प्रथम किस्त 5 हजार रूपये लेते हुए आरोपी को लोकायुक्त ने गिरफ्तार कर लिया।