Vote Yatra 2023 : भाजपा की सरकार बनी, तब से उज्जैन का विकास, कांग्रेसी बोले-सिर्फ नेताओं का हुआ
स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं का मन टटोलने आईएनएच न्यूज और हरिभूमि के द्वारा निकाली जा रही वोट यात्रा प्रदेश के उज्जैन पहुंची। उज्जैन महाकाल की नगरी है। इन दिनों महाकाल लोक को लेकर उज्जैन को ख्याति भी प्राप्त हुई है।;
Vote Yatra 2023 Ujjain: स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं का मन टटोलने आईएनएच न्यूज और हरिभूमि के द्वारा निकाली जा रही वोट यात्रा प्रदेश के उज्जैन पहुंची। उज्जैन महाकाल की नगरी है। इन दिनों महाकाल लोक को लेकर उज्जैन को ख्याति भी प्राप्त हुई है। धार्मिक नगरी होने के बाद भी विकास के मामले में उज्जैन पिछड़ा हुआ है। आईएनएच न्यूज के संवाददाता अनुराग मालवीय ने उज्जैन के स्थानीय मतदाताओं, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नेताओं के रुझान, मुद्दों को टटोलने का प्रयास किया। वोट यात्रा के इस कार्यक्रम में माया द्रिवेदी कांग्रेस नेता, राजपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा, इकबाल सिंह, शहर अध्यक्ष भाजपा और रवि भदौरिया, शहर अध्यक्ष कांग्रेस समेत भाजपा कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
उज्जैन के विकास का श्रेय भाजपा को
वोटयात्रा के दौरान उज्जैन के भाजपा नेताओं ने दावा किया कि जिले के विकास का पूरा श्रेय भाजपा को है। 2003 के बाद प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद ही उज्जैन का विकास हुआ है। शहर का विकास ही नहीं, बल्कि औद्योगिक रूप से विकास के कार्य भाजपा ने किए हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने भी उज्जैन के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वहीं कांग्रेस का कहना है, कि उज्जैन का विकास नहीं हुआ, बल्कि उज्जैन के भाजपा नेताओं का विकास हुआ है। भ्रष्टाचार कर भाजपा नेताओं का इतना विकास हो गया है, कि उनको चारों ओर विकास ही नजर आ रहा है।
महाकाल लोक के श्रेय को लेकर आरोप प्रत्यारोप की राजनीति
कांग्रेस नेताओं का कहना है, कि उज्जैन के विकास की 350 करोड़ रुपयों की योजना मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बनाई थी। सिर्फ योजना ही नहीं बनाई, बल्कि बजट आवंटित भी किया था। इसी बजट में महाकल लोक का निर्माण कर सिर्फ श्रेय लेने के लिए भाजपा आगे हो गई, कांग्रेस के नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि महाकाल लोक में भ्रष्टाचार किस प्रकार से हुआ, इसके प्रमाण पूरी दुनिया ने देखे हैं। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भाजपा उज्जैन में आज भी नहीं कर पाई है।
वोट यात्रा के दौरान उज्जैन जिले के ग्रामीण क्षेत्र में विकास न हो पाने का मुद्दा छाया रहा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हालात ज्यादा खराब हैं। इन क्षेत्रों के विकास के लिए जनप्रतिनिधि गंभीर नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जब जिला मुख्यालय का ही विकास नहीं हो पा रहा है, तो ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की कल्पना करना ही व्यर्थ है। कांग्रेस नेताओं के साथ ही स्थानीय रहवासियों ने वोट यात्रा के दौरान यह मुद्दा उठाया कि महाकाल मंदिर के दर्शन के पैसे क्यों लिए जा रहे हैं। भगवान के दर्शन के लिए सिर्फ उज्जैन में ही शुल्क लगाया जा रहा है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि विशेष दर्शन के लिए पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि सामान्य लोगों के लिए निशुल्क दर्शन की व्यवस्था है।
स्मार्ट सिटी में दुर्घटनाओं को लेकर विवाद
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उज्जैन में बनाई जा रही स्मार्ट सिटी में दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय प्रशासन को इसकी चिंता नहीं है। सड़कों का निर्माण कार्य किया, तो टोल वसूली हो रही है। सामान्य जन का इन सड़कों पर चलना भी दूभर हो रहा है।