केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से की मुलाकात, मप्र प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं तेज
बीजेपी में केंद्र और राज्य की सत्ता तथा संगठन में फेरबदल की चर्चा है। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार के बाद मध्य प्रदेश के कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। कुछ नए चेहरे मंत्रिमंडल में जा सकते हैं। अब एमपी में बदलाव की सियासी अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की है। जिससे राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल की दिल्ली में आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की हुई है। मध्य प्रदेश की वर्तमान सियासत को लेकर इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। प्रहलाद ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई मुलाकात के बाद ट्वीट किया है। जिस ट्वीट में लिखा है कि संवाद और संम्पर्क @BJP4India की पुरानी परम्परा है। उसी कड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष @JPNadda से भेंट में उनके द्वारा प्राप्त दूरदर्शी मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।
प्रदेश अध्यक्ष बदल सकता है
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य इकाइयों के संगठन में बदलाव करना शुरू कर दिया है। कल ही भाजपा ने झारखंड, पंजाब, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए गए है। मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए ऐसी अटकलें हैं कि बीजेपी यहां भी प्रदेश अध्यक्ष बदल सकता है।
प्रहलाद सिंह पटेल की सबसे ज्यादा चर्चा है
मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए कई नामों की चर्चा चल रही है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी उन नामों में से एक हैं, जिनकी सबसे ज्यादा चर्चा है। चर्चा है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी कैबिनेट फेरबदल में प्रहलाद सिंह पटेल को केंद्र सरकार से मुक्त कर प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंप सकते हैं। हालांकि अभी ये सिर्फ अटकलें ही हैं।