MP News : रेस्क्यू किया उत्पाती बंदर, छोड़ा जाएगा जंगल में
मदारी के आगे नाचते हुए बंदर को देखकर लोग ताली तो खूब बजाते हैं लेकिन जब यह बंदर मदारी के बिना हो, तो ऐसे बंदर उत्पात भी बहुत मचाते हैं।;
अलीराजपुर। मदारी के आगे नाचते हुए बंदर को देखकर लोग ताली तो खूब बजाते हैं लेकिन जब यह बंदर मदारी के बिना हो, तो ऐसे बंदर उत्पात भी बहुत मचाते हैं। फिर इन्हें पकड़ने का जिम्मा वन विभाग को दे दिया जाता है। ऐसा ही एक बंदर जिले के एक बाज़ार में उत्पात मचा रहा था। जिसने कुछ लोगों को चोटिल भी किया, सामानों की तोड़फोड़ भी की। इस बंदर को पकड़ने में आखिरकार वन विभाग को कामयाबी हांसिल हुई। इस उत्पाती बंदर को अब जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
दरअसल अलीराजपुर जिले के जोबट नगर के बाज़ार में एक बंदर उत्पात मचा रहा था। इसने एक बच्चे सहित आठ लोगों को घायल भी कर दिया था। जिनका इलाज जिला अस्पताल में किया गया था। इसके बाद नागरिकों द्वारा नगर परिषद में शिकायत की गई। प्रशासन ने बाज़ार में कई जगहों पर पिंजरे लगाए थे। इनमें से एक पिंजरे में आज यह उद्दंड बंदर फंस गया है। जिसे वन विभाग की मदद से आज कट्ठीवाड़ा के जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।