Vande Bharat Express : इंदौर इंटरसिटी का किराया 365 तो वहीं वंदे भारत का दोगुने से भी ज्यादा
बुधवार से वंदे भारत ट्रेन भोपाल से इंदौर और जबलपुर के लिए चलने लगी है, लेकिन पहले ही दिन से वह किराए और समय को लेकर यह चर्चाओं में बनी हुई हैं;
भोपाल। बुधवार से वंदे भारत ट्रेन भोपाल से इंदौर और जबलपुर के लिए चलने लगी है, लेकिन पहले ही दिन से वह किराए और समय को लेकर यह चर्चाओं में बनी हुई हैं। सुबह इंदौर से भोपाल और जबलपुर से रानी कमलापति, वहीं शाम को भोपाल से इंदौर और रानी कमलापति से जबलपुर के ओर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के टाइम और इंटरसिटी के चलने में सिर्फ आधे घंटे का अंतर है और दोनों के किराए में धरती और आसमान का अंतर नजर आ रहा है। जहां इंटरसिटी में यात्री 100 रुपए में इंदौर से भोपाल पहुचेगा और एसी में 365 रुपए लगेंगे, वहीं वंदे भारत ट्रेन में सफर का आंनद लेने के लिए उसे सीसी में 910 और एग्जिक्युटिव चेयर कार में 1600 रुपए का भुगतान करना पड़ेगा। समय में सिर्फ 50 मिनट का अंतर पड़ेगा।
पहले दिन दो वंदे भारत में 360 लोगों ने किया सफर
इंदौर से भोपाल और जबलपुर से रानी कमलापति स्टेशन पर आने वाली वंदे भारत ने 28 जून सुबह अपनी पहली यात्रा की। इंदौर से भोपाल वंदे भारत से कुल 176 रेल यात्रियों ने सफर किया। इसमें एग्जीक्यूटिव क्लास में 13 और एसी चेयर कार 163 में यात्री शामिल रहे। इसके अलावा जबलपुर से रानी कमलापति आने वाली वंदे भारत ट्रेन में 184 यात्रियों ने सफर किया। इसमें एग्जीक्यूटिव क्लास में 26 और एसी चेयर कार में 158 यात्रियों ने यात्रा की। इस तरह से पहले दिन दोनों ट्रेनों में 360 यात्रियों ने सफर किया। बता दें कि 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रानी कमलापति स्टेशन से दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी।
वंदे भारत-जनशताब्दी में रहेगी टक्कर
आरकेएपी से जबलपुर वंदे भारत 19 बजे चलकर 23.35 पर 4 घंटे 35 मिनट में जबलपुर पहुचाएगी। वहीं जनशताब्दी 17.40 बजे चलकर 22.55 पर 5 घंटे 15 मिनट में जबलपुर पहुचाएगी। जनशताब्दी में किराया 170 व एसी सीसी का 565 है, वहीं वंदे भारत का सीसी किराया 1055 एग्जक्यूटिव सीसी का 1880 रुपए है।
हर आधे घंटे में मिलती है चार्टर्ड बस
भोपाल से इंदौर और उज्जैन के लिए बीसीएलएल की ओर से हर आधे घंटे में चार्टर बस की सुविधा उपलब्ध है और किराया इंदौर तक का सिर्फ 435 रुपए है। भोपाल से इंदौर पहुचने में 3 से 3.30 घंटे का समय लगता है। वहीं वंदे भारत ट्रेन की बात करें तो किराया चार्टर बस का दोगुना है, जबकि समय लगभग बराबर लग रहा है।