मप्र में वैक्सीनेशन में 11 करोड़ का आंकड़ा पार किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के अथक परिश्रम से मप्र में कोरोना रोधी वैक्सीन के 11 करोड़ से अधिक डोज़ का अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया गया है। कोरोना नियंत्रण के लिए प्रदेश में चलाए गए टीकाकरण महाअभियानों में जन-भागीदारी से ही यह उपलब्धि अर्जित की गई है।;
भोपाल। मुख्यमंत्री चौहान ने इस उपलब्धि पर टीकाकरण अभियान में योगदान देने वाले सभी नागरिकों, स्वास्थ्य कर्मियों, सामाजिक संस्थाओं, धर्मगुरूओं और कोरोना वॉलेंटियर्स को धन्यवाद दिया है। गौरतलब है कि प्रदेश में 2 फरवरी की शाम तक 11 करोड़ 77 हजार 181 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें 5 करोड़ 74 लाख 79 हजार 412 नागरिकों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 5 करोड़ 18 लाख 81 हजार 983 पात्र नागरिकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई गई हैं। प्रदेश में 7 लाख15 हजार 786 नागरिकों को प्रीकॉशन डोज लग चुकी है।