PANNA news : अस्पताल पहुंचने से पहले हुई महिला की मौत, सड़क नहीं होने से चली गई जान
जिले की ग्राम पंचायत जाजगांव के मडियाराव गांव में एक महिला की मौत हुई है। बताया गया है कि महिला को करंट लगा था, लेकिन सही समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई है।;
रिपोर्ट क़ादिर
पन्ना। जिले की ग्राम पंचायत जाजगांव के मडियाराव गांव में एक महिला की मौत हुई है। बताया गया है कि महिला को करंट लगा था, लेकिन सही समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई है। जिले का यह गांव आज भी सड़क के लिए तरस रहा है। महिला को करंट तो लगा था, लेकिन गांव में सड़क नहीं थी। गांव वालों ने महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए चारपाई का सहारा लिया था। चारपाई पर महिला को लेटा कर दूसरे गांव तक ले जाया गया। जहां से 108 में हॉस्पिटल ले जाया गया। चारपाई पर गए इस समय के कारण महिला बच न सकी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुई मौत
मामला अमानगंज तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जाजगांव के मडियाराव गांव का बताया जा रहा है। जिसमें एक 32 वर्षीय महिला विनीता पति सुरेश शर्मा उम्र 32 वर्ष निवासी मडियाराव की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि तीज के व्रत के बाद महिला सुबह नहा कर कपड़े उठाने गई थी। जैसे ही अलमारी का गेट पकड़ा महिला को करंट लग गया। महिला को गंभीर हालत में देखकर परिजन तुरंत अस्पताल ले जाने लगे। पर गंव में सड़क नहीं होने से गांव के लोग महिला को चारपाई पर दूसरे गांव तक ले गए। जहां 108 में बैठा कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चारपाई पर बीरे समय के कारण महिला को इलाज मिलने में बहुत देर हुई और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
ग्रामीण हैं परेशान
ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव में असुविधा के कारण मौतें होना तो जैसे आम बात हो चुकी है। कई बार शासन प्रशासन को अवगत कराने के लिए आवेदन से लेकर ज्ञापन तक दिए जा चुके हैं। चुनाव का बहिष्कार भी किया जा चुका है। जिसमें तत्कालीन कलेक्टर मनोज खत्री की समझाइश के बाद मतदान किया था। इसके बाद सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया था जो आज भी अधूरा पड़ा है। सड़क न होने से आए दिन लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आपको बता दें कुछ दिन पहले एक गर्भवती महिला को भी चारपाई के सहारे 2 किलोमीटर का सफर तय करके कामताना ग्राम पहुंचाया गया था। जिसके बाद महिला को अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां समय से उपचार न मिलने के कारण नवजात बच्ची की मौत हुई थी।