पेड़ काटने का विरोध करने अर्धनग्न होकर चिपका युवक, पर्यावरण रक्षा के लिए उठाया कदम
नगर परिषद शहर में 75 शटर के शॉपिंग काम्प्लेक्स के निर्माण हेतु सड़क के किनारे लगे बड़े पेड़ो को काट रही है। पढ़िए पूरी खबर-;
सिवनी। पर्यावरण की रक्षा के लिए नई-नई कवायद शुरू किये जाते रहे हैं। वहीं मध्यप्रदेश के सिवनी में पर्यावरण की रक्षा के लिए एक युवक ने अनोखा रास्ता चुना और पेड़ो की कटाई का विरोध करने के लिए अर्धनग्न होकर पेड़ से चिपक गया। पिछले 3 घंटे से यह युवक पेड़ से सटा हुआ खड़ा है। युवक को मनाने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है लेकिन पेड़ों की रक्षा के लिए युवक अड़ा हुआ है।
मामला नगर पंचायत लखनादौन का है, जहां नगर परिषद शहर में 75 शटर के शॉपिंग काम्प्लेक्स के निर्माण हेतु सड़क के किनारे लगे बड़े पेड़ो को काट रही है। नगर पंचायत द्वारा शॉपिंग कांप्लेक्स के निर्माण के दौरान, वहां पर लगे हुए विशालकाय वृक्षों को परिषद के द्वारा काटा जा रहा है। पेड़ों के काटे जाने के विरोध में रघुनाथ कॉलोनी में किराना दुकान का व्यवसाय करने वाले गोविंद दीक्षित ने पर्यावरण को बचाने के लिए पहले तो मनुहार लगाई लेकिन नगर पंचायत के कर्मचारी जब नहीं माने तो गोविंद ने मजबूरन अर्धनग्न होकर पेड़ से चिपक कर पर्यावरण की रक्षा करने की ठान ली।
यह युवक पिछले 3 घंटे से पेड़ से सटा हुआ खड़ा है, जिसे मनाने के लिए नगर पंचायत की टीम तो आई किंतु युवक का यह कहना है कि पेड़ों की रक्षा की जानी चाहिए। वह हमारे मानव जीवन का मूल आधार है। शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण हो इससे कोई आपत्ति नहीं है, किंतु निर्माण की आड़ में प्रकृति से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।