राजस्थान उपचुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, पार्टी के ये स्टार प्रचारक आए कोरोना की चपेट में, सोशल मीडिया पर खुद साझा की जानकारी
प्रदेश भाजपा को चुनाव से पहले ही तगड़ा झटका लगा है। उपचुनाव प्रचार अभियान के बीच भीलवाड़ा सांसद सुभाष चन्द्र बहेड़िया कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं। आज उन्होंने स्वयं के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की।;
जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस का खौफ आम लोगों में तो है ही साथ ही अब नेताओं में भी इस घातक बीमारी को लेकर भय साफ देखा जा रहा है। राज्य में विधानसभा की तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा को चुनाव से पहले ही तगड़ा झटका लगा है। उपचुनाव प्रचार अभियान के बीच भीलवाड़ा सांसद सुभाष चन्द्र बहेड़िया (Subhash Chandra Baheria) कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं। आज उन्होंने स्वयं के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की। अपने संसदीय क्षेत्र भीलवाड़ा की सहाड़ा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर बहेडिया पिछले दिनों से खासा सक्रीय रहे हैं। रणनीति बनाने से लेकर डोर-टू-डोर कैम्पेनिंग और जनसभाओं में सांसद बहेडिया की मौजूदगी देखी गई है।
भाजपा के स्टार प्रचारक हैं सुभाष चन्द्र बहेड़िया
सांसद सुभाष बहेडिया प्रदेश भाजपा के उन 30 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं जिन्हें उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा ने प्रचार अभियान में उतारा है। ऐसे में शेष रहे दिनों में बहेडिया को अब आइसोलेशन में रहते हुए प्रचार अभियान से दूरी बनाए रखनी होगी। भाजपा नेता के संक्रमित होने से पार्टी में इस घातक बीमारी को लेकर हलचल तेज हो गई है।