राजस्थान सरकार की 'जनविरोधी' नीतियों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया ज्ञापन
राजस्थान में भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। वैसे तो यहां राजनीतिक संकट गरमाता ही रहता है। अब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को राज्य भर में उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे।;
जयपुर। राजस्थान में भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। वैसे तो यहां राजनीतिक संकट गरमाता ही रहता है। अब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को राज्य भर में उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक रामलाल शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौमूं में उपखंड कार्यालय में अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने किसानों की बदहाली, टिड्डी हमले, पेट्रोल-डीजल पर वैट और अधिभार, बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी, युवाओं की बदहाली, कोरोना कुप्रबंधन, बढ़ते अपराध व अन्य मसलों को लेकर ज्ञापन दिया है। विधायक शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार जिन वादों के साथ सत्ता में आई थी, उनमें से एक भी वादा उसने पूरा नहीं किया। उन्होंने उम्मीद जतााई कि राज्य सरकार भाजपा द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेगी और उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।
उधर, बढ़ते अपराधों को लेकर पूनिया ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कथित तौर पर बढ़ते अपराधों को लेकर अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जयपुर अब अपराधियों की राजधानी बन गई है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के हौसले बुलंद है और अपराधी बिना किसी भय के घूम रहे हैं। अपराधियों पर कोई लगाम नहीं है। पूनिया के अनुसार जयपुर में दिन दहाड़े एक पेट्रोल पंप मालिक की हत्या ने जयपुर की पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। राज्य में कानून व्यवस्था अब एक बड़ी चुनौती है। एक बयान में उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ रहा है। दलितों पर अत्याचार, बलात्कार की घटनाएं बढ रही है और कांग्रेस सरकार राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालने में पूरी तरह विफल रही है।