आगरा से अगवा किए गए डॉक्टर को राजस्थान के बीहड़ में बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया, पांच करोड़ की मांगी थी फिरौती
आगरा और धौलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अगवा किए गए डॉ. उमाकांत गुप्ता को बृहस्पतिवार तड़के चंबल के बीहड़ में बदमाशों के चंगुल से मुक्त करा लिया।;
धौलपुर। आगरा (Agra) से दो दिन पहले अगवा (Kidnap) किए गए चिकित्सक (Doctor) को बृहस्पतिवार सुबह चंबल के बीहड़ से बदमाशों से सुरक्षित छुड़ा लिया गया। राजस्थान (Rajasthan Police) तथा उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) की संयुक्त कार्रवाई में इस चिकित्सक को छुड़वाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत (Kesar Singh Shekhawat) ने बताया कि आगरा और धौलपुर पुलिस की ज्वाइंट टीम ने अगवा किए गए डॉ. उमाकांत गुप्ता को गुरुवार तड़के चंबल के बीहड़ में बदमाशों के चंगुल से मुक्त करा लिया।
दो दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने किया था अगवा
आगरा की 'ट्रांस यमुना कॉलोनी' के निवासी गुप्ता को दो दिन पहले मंगलवार रात को अज्ञात बदमाशों ने अगवा कर लिया था। उनकी पत्नी विद्या गुप्ता ने एत्माद्दौला थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि चिकित्सक की रिहाई के बदले में पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। गुप्ता को बचाने की कार्रवाई के दौरान बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस चला रही तलाश अभियान
चंबल में बदमाशों को पकड़ने के लिये तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह आगरा के पुलिस अधीक्षक (सिटी) रोहन दोहित्रे धौलपुर पंहुचे। इसके बाद उन्हें आरोपियों के चंगुल मुक्त कराए गये। डॉ. उमाकांत गुप्ता और हिरासत में लिए गए दो आरोपियों को आगरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे इलाके में लोगों से पूछताछ कर अज्ञात बदमाशों को तलाश रही है। वहीं डॉक्टर की रिहाई के बाद उनके परिवार ने राहत की सांस ली है।