राजस्थान में पहली बार पराली जलाने के मामले में किसानों पर लगा जुर्माना, जानिए कार्रवाई में कितने का पड़ा दण्ड

खेतों में पराली जलाने का मसला बहुत पुराना और गंभीर भी है। पंजाब में तो पराली जलाने की सबसे ज्यादा खबरें सामने आती ही हैं अब राजस्थान भी इस मामले में पीछे नहीं है। यहां खेतों में पराली जलाने पर प्रदेश के हनुमानगढ़ जिले में 9 किसानों पर पर्यावरण को क्षति पहुंचाने के मामले में एक लाख रूपए का जुर्माना लगाया है।;

Update: 2020-12-04 09:42 GMT

जयपुर। खेतों में पराली जलाने का मसला बहुत पुराना और गंभीर भी है। पंजाब में तो पराली जलाने की सबसे ज्यादा खबरें सामने आती ही हैं अब राजस्थान भी इस मामले में पीछे नहीं है। यहां खेतों में पराली जलाने पर प्रदेश के हनुमानगढ़ जिले में 9 किसानों पर पर्यावरण को क्षति पहुंचाने के मामले में एक लाख रूपए का जुर्माना लगाया है। राजस्थान में पराली जलाने पर जुर्माना लगाए जाने का ये पहला मामला है।

हनुमागढ़ जिला कलेक्टर ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल बोर्ड के निर्देश पर हनुमानगढ़ तहसील के 9 किसानों पर कार्रवाई की है। इनमें 6 किसान ऐसे हैं जिन पर 5 एकड़ से ज्यादा जमीन होने पर 15 हजार का, 2 किसानों पर 2 एकड़ से कम जमीन होने पर ढाई-ढाई हजार और एक किसान पर 2 से 5 एकड़ के बीच जमीन होने पर पांच हजार का जुर्माना लगाया है। ये जुर्माना जुर्माना लगाए गए सभी किसानों को 7 दिन में जुर्माना राशि राजकोष में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सात दिन में जुर्माना राशि जमा नहीं कराने पर किसानों से वसूली भी की जाएगी।

सैटेलाइट के जरिए पता लगाया गया

जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में पिछले साल 560 जगहों पर पराली जलाई गई। सैटेलाइट के जरिए ये पता लगाया गया। इस बार भी सैटेलाइट के जरिए जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी की जा रही है। साथ ही अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अगर कहीं भी पराली जलाने की घटनाएं होती हैं संबंधित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। जिले के सभी सभी एसडीएम अधिकारियों को भी जिला कलेक्टर की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी तहसील में पराली जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाते हुए पराली जलाने वाले खेत के मालिकों पर जुर्माना लगाएं।

Tags:    

Similar News