Rajasthan: राजभवन में संविधान पार्क स्थापित, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी पार्क का लोकार्पण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को राजस्थान के राजभवन में नवनिर्मित संविधान पार्क का लोकार्पण करेंगी। लोकार्पण समारोह के बाद वह कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी।;

Update: 2023-01-02 13:20 GMT

राजस्थान के राजभवन में नवनिर्मित संविधान पार्क का लोकार्पण कल यानी मंगलवार को किया जाएगा। पार्क का लोकार्पण भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। लोकार्पण समारोह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजभवन में कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी। राजभवन के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर यहां स्थापित मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा का अवलोकन करेंगी। उसके बाद मुर्मू संविधान पार्क का लोकार्पण एवं निरीक्षण भी करेंगी।

सीएम गहलोत रहेंगे मौके पर उपस्थित

इस कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल भी मौके पर मौजूद रहेंगे। राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल कलराज मिश्र की पहल पर राजस्थान भारत का पहला राज्य बन गया है, जहां आमजन में संवैधानिक जागरूकता विकसित करने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है।

राजभवन में कार्यक्रम समापन के बाद राष्ट्रपति शाम को सिरोही के आबू रोड पहुंचेंगी। जहां वह ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में ''आध्यात्मिक सशक्तिकरण से स्वर्णिम भारत का उदय'' विषय पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा अगले दिन वह पाली जिले में राष्ट्रीय स्काउट जम्बूरी का भी उद्घाटन करेंगी। 

Tags:    

Similar News