Rajasthan Mausam Ki Jankari : माउंट आबू में फिर माइनस में पहुंचा तापमान, अगले तीन दिन लोगों को चपेट में लेगी शीतलहर
राजस्थान में न्यूनतम तापमान गिरने के साथ मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ने लगा है। माउंट आबू की बात करें तो एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।;
राजस्थान में न्यूनतम तापमान गिरने के साथ मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ने लगा है। माउंट आबू की बात करें तो एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी भागों में चुरू और भीलवाड़ा में रविवार रात न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में सर्दी का दौर जारी है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। पिलानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री, सीकर में 4.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 5.1 डिग्री, अलवर में 6.4 डिग्री तथा बूंदी में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेताया
इधर मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन के दौरान प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में रहेंगे। न्यूनतम तापमान में तीन-चार डिग्री की गिरावट और संभव है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक आर. एस. शर्मा ने बताया कि उत्तर भारत से एक पश्चिमी विक्षोभ गुजरने से राज्य में उत्तरी हवाओं का प्रभाव शुरू हो चुका है।
आगामी तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। उत्तरी राजस्थान के जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। शेखावटी संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान एक बार पुन: 4 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज होगा। 25-26 जनवरी के दौरान उत्तरी राजस्थान के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने की भी संभावना है।