सीएम योगी के प्रहार पर अखिलेश का पलटवार, बोले- सीएम दूसरे प्रदेश के...फिर भी अपनाया
बजट सत्र के दूसरे दिन भी सपा और कांग्रेस ने सदन में भारी हंगामा करते हुए वॉकआउट किया था। इसके बाद जब सीएम योगी आदित्यनाथ का संबोधन हुआ तो उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया था। सीएम योगी ने किसानों के लिए राज्य और केंद्र की ओर से चलाई जा रही योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला था। साथ ही कृषि कानूनों पर बात करते हुए विपक्ष पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया था।;
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से बजट सत्र के दौरान किए गए प्रहार पर आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को बाहरी बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। यही नहीं, उन्होंने प्रदेश के साथ केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला। साथ ही, अर्पणा यादव की ओर से राम मंदिर निर्माण के लिए सम्पर्ण राशि देने पर भी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक समाजवादी पार्टी में नए सदस्यों को सदस्यता दिलाने पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि कल सदन में दलाल शब्द बोला गया, एक मुख्यमंत्री को पद पर रहते हुए ऐसा बोलना ठीक नहीं है। समंदर में डूब जाओ, इनके DNA में विभाजन है... जैसे शब्द उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दूसरे प्रदेश से हैं, लेकिन यूपी के लोगों ने उन्हें अपनाया है। मुख्यमंत्री को देखना चाहिए कि हकीकत में किसानों के साथ क्या हो रहा है। कल मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे ज्यादा एमएसपी दे रहे हैं, लेकिन किसी भी जिले में किसानों को एमएसपी नहीं मिली। बिजली भी नहीं मिलती। सरकार ने अगर काम किया है तो बताए कितने सब स्टेशन बनाए हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीएम योगी की सरकार को केवल झूठ बोलना आता है। उन्होंने कहा कि आज किसान अपने हक के लिए इतने दिनों से सड़कों पर है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। भाजपा किसानों का भी अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा हर कदम पर किसानों के साथ है। राम मंदिर निर्माण के लिए अर्पणा यादव की ओर से 11 लाख रुपए की दान राशि दिए जाने पर जब सवाल पूछा गया तो सपा अध्यक्ष ने कहा कि अवसर ढूंढने वालों ने आपदा में अवसर ढूंढ लिया।