CM Yogi Today : सीएम योगी ने किसानों से किया संवाद, तो प्रियंका गांधी ने पंजाब का हवाला देकर घेरा

उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में किसान आंदोलन भी प्रमुख मुद्दा बना है। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में करीब 150 किसान शामिल रहे। इस बीच प्रियंका गांधी ने किसानों के मुद्दे पर ही योगी सरकार को घेर लिया।;

Update: 2021-08-25 12:56 GMT

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने आज किसानों से संवाद (Kisan Samvad) करते हुए देश और प्रदेश के योगदान में उनकी भूमिका के लिए जमकर सराहना की। सीएम योगी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार उनके हितों के लिए कार्य कर रही है। उधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने ट्वीट कर योगी सरकार (Yogi Government) को घेरा और आरोप लगाया कि यूपी में तीन साल से गन्ने के दाम (Sugarcane Price) पर एक फूटी कौड़ी नहीं बढ़ाई गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसानों से संवाद के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान हमारे एजेंडे में सर्वोच्च प्राथमिकता रखता है। किसान अन्नदाता होने के साथ-साथ समाज का भाग्य विधाता भी है। सर्दी, गर्मी या फिर बरसात हो, अन्नदाता अपनी मेहनत से फसलों को लहलहाने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 से दुनिया की बड़ी-बड़ी ताकतें प्रभावित हुईं। अन्नदाताओं ने कोरोना का डटकर मुकाबला किया। कोरोना काल में भी चीनी मिलें संचालित रहीं। यह किसान बंधुओं की जीवटता का स्पष्ट प्रमाण है। सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों का हित सरकार की प्रतिबद्धता है।

प्रियंका ने साधा निशाना

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर किसानों के मुद्दे पर ही योगी सरकार को घेरा। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसानों की बात सुनी और गन्ने के दाम 360 रुपये प्रति क्विंटल किए। गन्ने का 400रू/क्विंटल का वादा करके आई उप्र भाजपा सरकार ने 3 साल से गन्ने के दाम पर एक फूटी कौड़ी नहीं बढ़ाई है और किसानों द्वारा आवाज उठाने पर "देख लेने" जैसी धमकी देती है।'


Tags:    

Similar News