Meerut Kisan Mahapanchayat : प्रियंका गांधी बोलीं- जब तक है दम लड़ूंगी, चाहे 100 दिन लगें या 100 साल
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने किसान महापंचायत में एलान किया कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके हर फैसले में साथ खड़ी रहेगी।;
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मेरठ के कैली गांव में आयोजित किसान महापंचायत में एलान किया कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए जाएंगे, तब तक वे इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी। इसके लिए चाहे 100 दिन लगें या 100 साल लग जाएं। किसानों के आंदोलन में कांग्रेस हमेशा साथ रहेगी।
प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान के हल और कांग्रेस के हाथ का रिश्ता कभी नहीं टूटने वाला है। भरोसे के बल पर यह रिश्ता उत्तर प्रदेश के किसानों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाएगा। उन्होंने कृषि कानूनों के मुद्दे पर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा, वहीं प्रदेश में किसानों की हालत बदतर होने की बात कहते हुए योगी सरकार पर भी प्रहार किया।
इससे पूर्व प्रियंका गांधी ट्रैक्टर पर सवार होकर रैली स्थल तक पहुंची। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके यहां पहुंचने पर स्वागत किया। कृषि कानूनों के खिलाफ हो रही इस महापंचायत में 50 हजार से ज्यादा किसानों के जुटने का दावा किया गया है। शनिवार को भी पूरा दिन पार्टी नेताओं ने किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए ताकत झोंके रखी। प्रियंका के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रियंका गांधी को देखने के लिए लोगों में भी खासी बेताबी नजर आई। रास्त में खड़े पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगोेें से भी प्रियंका गांधी न केवल मिलीं, बल्कि उनसे बात भी की। प्रियंका को उनकी दादी इंदिरा गांधी की तरह लोगों में जल्द घुलमिल जाने के लिए जाना जाता है।
प्रियंका गांधी को उनकी एक समर्थक ने श्रीमद्भागवत गीता भेंट की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महापंचायत स्थल पर दो मंच तैयार किए गए हैं। एक मंच पर प्रियंका गांधी के साथ यूपी प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमाल लल्लू सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे तो वहीं दूसरा मंच स्थानीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के लिए होगा। कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर ने बताया कि इस महापंचायत में शामली और मुजफ्फरनगर के साथ ही हस्तिनापुर विधानसभा से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में कृषि कानूनों के खिलाफ ताबड़तोड़ किसान महापंचायतों का आयोजन हो रहा है। मेरठ में भी कई राजनीतिक दल किसान महापंचायतों का आयोजन कर चुके हैं। 12 फरवरी को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी यहीं से किसान महापंचायत करके यूपी की राजनीति में अपनी प्रबल दावेदारी दिखाने का आगाज किया था। उससे पहले राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी भी यहां से किसान महापंचायत कर कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं।