Deoria: सामूहिक हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव, देवेश दुबे ने मिलने से किया इनकार
Deoria Murder Case: देवरिया में हुए सामुहिक हत्याकांड में पीड़ित परिजनों से मिलने आज उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव देवरिया पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने मृतकों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। पढ़िए पूरी खबर...;
Akhilesh Yadav Deoria Visit: उत्तर प्रदेश के देवरिया में जमीन विवाद को लेकर 6 लोगों की हुई हत्या पर जमकर सियासत छिड़ी हुई है। इसको लेकर बीजेपी और सपा में जुबानी जंग छिड़ गई थी। इस बीच सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव आज सोमवार को देवरिया पहुंचे हैं। अखिलेश यादव दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने देवरिया पहुंचे हैं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बीच सत्य प्रकाश दुबे के बेटे देवेश दुबे ने अखिलेश यादव से मिलने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं देवेश दुबे ने खुद की जान का खतरा बताते हुए सपा अध्यक्ष को रोकने के अनुरोध के साथ डीएम को लेटर भी लिख दिया।
मृतकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
इसके बाद भी अखिलेश यादव फतेहपुर गांव में हुए सामूहिक हत्याकांड में पहले सत्य प्रकाश दुबे के घर गए। वहां पर दुबे परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला। इसके बाद अखिलेश यादव ने नरसंहार में मारे गए दुबे परिवार के पांचों मृतकों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। फिर वह प्रेमचंद यादव के घर गए। वहां उन्होंने प्रेमचंद के चित्र पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। इस दौरान प्रेम की पत्नी शीला और बेटियां मौजूद रहीं। अखिलेश यादव ने उन्हें ढांढस बधाया।
योगी सरकार पर जमकर साधा निशाना
इस दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में योगी सरकार जमकर निशाना साधा। उन्होंने देवरिया की घटना पर कहा कि मैं मानता हूं डीएम ने जो बात कही कि रिटैलिएशन में यह भयानक घटना हुई। उन्होंने कहा कि अगर पहले प्रेम यादव की जान नहीं जाती, तो किसी की भी जान नहीं जाती। आखिरकार सरकार क्यों इस बात को छुपाना चाहती है कि प्रेम यादव को बुलाकर मारा और किसने मारा।
देवेश दुबे के न मिलने पर क्या बोले अखिलेश
वहीं, देवेश दुबे के मुलाकात न करने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वो परिवार नहीं मिलना चाहता, वो उसकी भावना है, हो सकता है उसके बेटे की भावना ना भी हो। सपा सुप्रीमो ने कहा कि कुछ नेता हैं जो उसको (देवेश दुबे को) समझा रहे होंगे। उन्होंने कहा कि हमने इस परिवार की आर्थिक सहायता की है। अगर वो परिवार कहेगा तो उस परिवार की भी आर्थिक सहायता करूंगा।
अखिलेश ने सीएम योगी पर भेदभाव का आरोप लगाया
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सीएम योगी को निशाने पर लेते हुए कहा कि योगी की सबसे बड़ी परिभाषा यही है कि वो दूसरों के दुःख को अपना दुःख समझे। मुख्यमंत्री जी को किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए, वो मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के हैं किसी भी घटना से राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहिए।
1 बजे के करीब देवरिया पहुंचे अखिलेश यादव
बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव दोपहर 1 बजे के करीब देवरिया पहुंचे। वहां पर सपाइयों की भारी भीड़ जमा हुई थी। अखिलेश यादव के देवरिया आगमन को देखते हुए बीते दिन रविवार की शाम से गांव के चप्पे-चप्पे पर सख्त पहरा लगा दिया गया था। देर शाम तक आईजी जे रविंद्र गौड़ ने रुद्रपुर कोतवाली में पुलिस कर्मचारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम का खाका तैयार किया था।
ये है पूरा मामला
बता दें कि यह घटना देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 2 अक्टूबर को हुई। उस दिन सुबह छह बजे जमीन के विवाद में प्रेमचंद यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। प्रेमचंद की हत्या के बाद गुस्साए परिजन और भीड़ ने दूसरे(दुबे परिवार) पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसकी तीन बच्चों को गोली मारकर और धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी थी। जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज बीआरडी में चल रहा है। वहीं, देवेश दुबे घटना के वक्त कहीं पूजा करते गया था। इस मामले पर सपा और बीजेपी आमने सामने आ गई। सपा ने इस नरसंहार के पीछे राज्य सरकार और अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।
ये भी पढ़ें:-Yamuna River: वीरेंद्र सचदेवा-मनोज तिवारी ने यमुना का किया निरीक्षण, सीएम केजरीवाल पर साधा जमकर निशाना