हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों को डीएम की धमकी - कहा मीडिया आज यहां है कल नहीं रहेगी, मान लो सरकार की बात

उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप कांड के तहत सरकार की कानून और प्रशासन के रवैये को लेकर पूरे देश में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस बीच डीएम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे पीड़िता के परिजनों को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं।;

Update: 2020-10-01 13:32 GMT

उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप कांड के तहत सरकार की कानून और प्रशासन के रवैये को लेकर पूरे देश में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस बीच डीएम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे पीड़िता के परिजनों को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया में जारी वीडियो में डीएम प्रवीन लक्षकार ने कहा कि अपनी विश्वसनीयता बनाए रखिए। मीडिया आज यहां है, कल नहीं रहेगी। सब चले जाएंगे। आप सरकार की बात मान लो। आप बार-बार बयान बदलकर ठीक नहीं कर रहे हैं।

आपकी क्या इच्छा है। क्या पता कल हम ही बदल जाएंगे। उधर, हाथरस के परिजनों से मुलाकात करने गए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने जिले के बाहर ही रोक दिया गया।

इस दौरान गुस्साएं कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसमें राहुल ने दावा किया है कि पुलिस ने उनके साथ धक्का मुक्की की, जिसमें वो गिर गए। इसके बाद धारा-144 उल्लघंन के तहत प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया।

हालांकि बाद में उन्हें गेस्ट हाउस से दिल्ली वापस भेज दिया गया। इस पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा कि देश में क्या सिर्फ मोदी ही चल सकते हैं। 

घटना में सभी आरोपी गिरफ्तार

हाथरस जिले के चंदपा इलाके के गांव में 14 सितंबर को चार दरिंदों ने एक दलित युवती के साथ गैंगरेप कर दिया था। इसके बाद दरिंदों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई।

हालांकि, पुलिस का दावा है कि गैंगरेप और जीभ काटने के आरोप गलत हैं। फिलहाल इस मामले में शामिल सभी चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।



Tags:    

Similar News