राकेश टिकैत ने तिकुनिया हिंसा में मारे गए किसानों को दी श्रद्धांजलि, केंद्र पर निशाना साधकर बोले- सिस्टम में...
तिकुनिया हिंसा को आज एक साल पूरा हो गया है। हिंसा में मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे में अखंड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंचे। पढ़िये रिपोर्ट...;
भारतीय किसान यूनियन (Bhartiya Kisan Union) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने आज लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) पहुंचकर एक साल पहले आज के ही दिन हिंसा (Violence) में मारे गए चार किसानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान टिकैत ने बीजेपी सरकार (BJP Government) पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि तिकुनियां कांड (Tikunia Kand) को एक साल हो गया है, लेकिन आज तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हम केवल आवाज उठा सकते हैं।
मीडिया रिपेार्ट्स के मुताबिक तिकुनिया हिंसा में आज के दिन चार किसानों, एक पत्रकार और बीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी। मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे में अखंड पाठ का आयोजन किया गया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी गुरुद्वारे पहुंचे और मृतक किसानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान राकेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि इस घटना को एक साल पूरा हो गया, लेकिन आरोपियों को सजा नहीं हुई। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता का दुरूपयोग किया जा रहा है। 3 अक्टूबर को जिस तरीके से फिल्मों में दिखाई जाने वाली घटना को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे ने रियल लाइफ में अंजाम दिया, उसे पूरी दुनिया ने देखा। अभी तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। केंद्र सरकार बेईमान है।
उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती मनाई गई है। यह शांति सप्ताह है। इसमें तो क्रांति होनी चाहिए। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि यह सरकार संविधान को नहीं मानती। जनता आवाज उठाने के सिवाए क्या कर सकती है। पूरा सिस्टम दिल्ली से चल रहा है। दिल्ली के रास्ते से लखनऊ को जो आदेश मिलता है, उसका पालन होता है। अधिकारी भी कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम बदलना चाहिए।