Mathura Kisan Mahapanchayat में एक साथ दिखे अखिलेश और जयंत, बोले- भाजपा खो चुकी है विश्वास

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अपना विश्वास खो चुकी है। आज कोई घबराया हुआ है तो वो भाजपा सरकार है। रालोद नेता जयंत चौधरी ने किसानों से कृषि कानूनों के खिलाफ एकजुट रहने का किया आह्वान।;

Update: 2021-03-19 12:38 GMT

समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के संयुक्त तत्वावधान में आज मथुरा में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने और रालोद नेता जयंत चौधरी ने कृषि कानूनों के खिलाफ भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने अखिल भारतीय बंजारा उदासीन आश्रम, उदासीन टीला में पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किसान महापंचायत में कहा कि भाजपा सरकार अपना विश्वास खो चुकी है। आज कोई घबराया हुआ है तो वो भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए जाएंगे, तब तक यह लड़ाई चलती रहेगी। उन्होंने लोगों से किसानों की आवाज उठाने वालों को सदन में भेजने का आह्वान किया। कहा कि केंद्र सरकार हर मुद्दे पर विफल है। प्रदेश में भी किसानों की सबसे बुरी हालत है। इतने लंबे समय से किसान कृषि कानून वापस लेने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ रहा। उन्होंने कहा कि इस सरकार को सबक सिखाने का वक्त आ गया है।

इससे पूर्व रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसान हमेशा याद रखें कि भाजपा ने उनके साथ क्या किया है। मतदान वाले दिन जाति या दूसरा मुद्दा न ढूंढे। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ऊपर देश की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने और कृषि कानून वापस न होने तक इस लड़ाई में बराबर का साथ देने का भरोसा दिया। 

Tags:    

Similar News