IMD Weather Update: पंजाब और उत्तर प्रदेश के साथ कई हिस्सों में ओलावृष्टि, हरियाणा में दो घंटे के भीतर शुरू होगी बारिश, जानिये सभी राज्यों का हाल

अफगानिस्तान के पास बने पश्चिम विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पश्चिम मध्य प्रदेश और इससे सटे पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का दबाव बना है। इसके चलते मैदानी इलाकों में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज हुई है।;

Update: 2022-02-25 11:59 GMT

अफगानिस्तान (Afghanistan) के पास बने पश्चिम विक्षोभ (Western Disturbance) के अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश (West Madhya Pradesh) और इससे सटे पूर्वी राजस्थान (East Rajasthan) पर चक्रवाती हवाओं का दबाव बना है। उत्तर भारत (North India) के साथ देश के कई राज्यों में इसके चलते बारिश (Rain) के साथ ही ओलावृष्टि (Hailstorm) भी दर्ज हुई है। आईएमडी (IMD) की मानें तो दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में दो दिन तक यह बदलाव देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। 

आईएमडी ने चार बजे अगले दो घंटे के भीतर हरियाणा के सिवानी, तोशाम, भिवानी, सदलपुर राजस्थान में बारिश संभावना जताई है। विशेषज्ञों की मानें तो उत्तर पश्चिम भारत में और अगले तीन दिन तक पूर्वी और पूर्वोतर भारत में बारिश जारी रहने की संभावना है। दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की भी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, गिलगिट, बालिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके के साथ झारखंड और बिहार में बारिश दर्ज हुई। बलरामपुर में पांच एमएम, बांकुरा, जमशेदपुर और रांची में तीन-तीन एमएम बारिश दर्ज हुई है। पुरलिया, भूतनगर, कल्पा और मनाली में दो एमएम बारिश हुई है। इसके अलावा बटौरा, सिलचर, गुलमर्ग, सोलन, सुंदरनगर, हाफलोंग, चिरापुंजी, धुब्री, मिदानपुर और शांतिनिकेतन में एक-एक एमएम बारिश हुई है।

ओलावृष्ट की बात करें तो उत्तराखंड, दक्षिण उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश में ओलावृष्टि भी हुई है। आने वाले 24 घंटे में पश्चिम अफगानिस्तान के पास बने पश्चिमी विक्षोभ के साथ पश्चिम मध्य प्रदेश और इससे सटे पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का निम्न दबाव बना रहेगा। इससे जम्मू कश्मीर, गिलगिट, बालिस्टान, मुजफ्फराबाद, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड में आने वाले दो दिनों में ओलावृष्टि और बर्फबारी रहेगी। उत्तराखंड में दो दिन ज्यादा ओलावृष्टि की संभावना है।

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के साथ ही चंडीगढ़ में दो दिन बारिश होगी। इस दौरान उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हवा की रफ्तार 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। पूर्वी मध्य के पास भी पश्चिमी विक्षोभ बनने से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के साथ मेघालय, सिक्किम और अंडमान निकोबार के आसपास बारिश जारी रहेगी। 

Tags:    

Similar News