दो तांत्रिकों ने 'अलादीन का चिराग' के नाम पर डॉक्टर को लगाया ढाई करोड़ का चूना, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के अंतर्गत खैरनगर अहमद रोड निवासी डॉ लईक अहमद ने तांत्रिक इकरामुद्दीन, अनीस और 1 महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।;
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दो तांत्रिकों ने 'अलादीन का चिराग' के नाम पर एक लंदन रिटर्न डॉक्टर से ढाई करोड़ रुपये की ठगी की है। यह मामला मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी का बताया जा है। लंदन से रिटर्न डॉक्टर का आरोप है कि उससे तांत्रिकों ने 2 साल में करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी की है। पीड़ित डॉक्टर की तहरीर के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास तथाकथित 'जादुई चिराग' भी बरामद किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के अंतर्गत खैरनगर अहमद रोड निवासी डॉ लईक अहमद ने तांत्रिक इकरामुद्दीन, अनीस और 1 महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। डॉक्टर लईक खान फिजीशन हैं और उन्होंने अपनी एफआरएचएस की पढ़ाई लंदन से की है। उनका आऱोप है कि तांत्रिक इकरामुद्दीन, अनीस और एक महिला ने उसके और उसके परिवार पर तंत्र मंत्र का प्रयोग करके उससे करोड़ों रुपये की ठगी की है। इन तांत्रिकों ने डॉक्टर को एक चिराग भी दिया था। उन्होंने इस चिराग को अलादीन का चिराग बताया था। तांत्रियों ने डॉक्टर को अरब पति बनने का सपना दिखाया और ढाई करोड़ रुपये की ठगी की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2018 में बागपत रोड निवासी समीना नाम की महिला अपने ऑपरेशन के बाद डॉ. लईक के संपर्क में आई थी। डॉक्टर लईक का कहना है, वह अधिकर मरहम पट्टी करने के लिए महिला के घर जाया करता था। महिला के घर पर ही उसकी मुलाकात इस्लामुद्दीन नाम के तांत्रिक से हुई। तांत्रिक इस्लामुद्दीन ने डॉक्टर को अरबपति बनाने का सपना दिखाया।
इसके बाद तांत्रिक इस्लामुद्दीन और उसके एक साथी अनीस ने डॉक्टर को अलादीन का चिराग जादुई चिराग देने का वादा किया। डॉक्टर लईक ने बताया कि यह दोनों तांत्रिक महिला के घर चिराग से जिन्न को प्रकट भी करते थे। लेकिन उन्हें बाद में मालूम हुआ यह जिन्न कोई और नहीं बल्कि खुद समीना का पति इस्लामुद्दीन था। फिलहाल पुलिस ने दोनों तांत्रिकों को गिरफ्तार किया है और महिला फरार है। इनके दोनों के पास चिराग, लकड़ी की चप्पल, नकली पत्थर और 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।