Mulayam Singh Yadav Health: मेदांता अस्पताल ने बताया अब कैसी है नेताजी की तबियत, दुआओं का दौर जारी
मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य को लेकर मेदांता अस्पताल ने आज एक बुलेटिन जारी किया है। सीएम योगी सहित कई बड़े नेताओं ने मुलायम सिंह के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।;
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में भर्ती किया गया था। जहां अभी भी उनकी तबियत नाजुक बनी हुई है। हालांकि आज उनके समर्थकों के लिए राहत भरी खबर आई है। आज उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) से ICU में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि मुलायम सिंह यादव की तबीयत में सोमवार की तुलना में मंगलवार को कुछ सुधार नजर आया है। मेदांता अस्पताल ने आज मुलायम सिंह का हेल्थ बुलेटिन (health bulletin) जारी किया। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
बीपी अभी सामान्य नहीं, सपा की कार्यकर्ताओं से अस्पताल ना आने की अपील
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार रात में कुछ देर के लिए ऑक्सीजन की मात्रा बेहद कम की गई। पल्स रेट भी पहले से ठीक है, लेकिन बीपी अभी सामान्य नहीं है। जहां एक ओर ब्लड प्रेशर की दवाओं में कमी की गई है तो वहीं मुलायम सिंह यादव को सिर्फ 50 प्रतिशत ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम दिया गया है। डॉक्टर्स लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। मुलायम सिंह का उपचार डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुलायम सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अस्पताल ना आकर घर से ही दुआ करने की अपील की थी।
पूरा परिवार साथ मौजूद, पीएम मोदी सहित कई बड़े नेताओं ने लिया हाल-चाल
अखिलेश सहित मुलायम सिंह का पूरा परिवार उनके साथ ही मौजूद है। पूरे प्रदेश में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए जगह-जगह हवन-पूजाएं चल रही हैं। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और राज बब्बर ने अस्पताल जाकर मुलायम सिंह की तबियत का हालचाल लिया। ये दोनों नेता पूर्व में मुलायम सिंह के सहयोगी रह चुके हैं। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मेदांता पहुंचकर नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीएम मोदी ने भी अखिलेश को फोन कर नेताजी के स्वास्थ्य का हाल चाल लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने अखिलेश को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है। इसके अलवा सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रियंका गांधी, जयंत चौधरी, राजनाथ सिंह सहित कई बड़े नेताओं ने ट्वीट कर नेताजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।