नोएडा के श्रीकांत त्यागी के छह समर्थकों को मिली जमानत, त्यागी की बेल एप्लीकेशन पर भी कुछ देर में आएगा फैसला
सूरजपुर कोर्ट ने श्रीकांत त्यागी के जिन छह साथियों को जमानत दी है, उनका नाम प्रिंस त्यागी, नितिन त्यागी, रवि पंडित, लोकेंद्र त्यागी, चर्चिल और राहुल है। कुछ देर बार श्रीकांत त्यागी पर दर्ज धोखाधड़ी केस में जमानत अर्जी पर भी फैसला आएगा।;
नोएडा (Noida) के सेक्टर 93-बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society) में एक महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) के छह समर्थकों को सूरजपुर कोर्ट (Surajpur Court) ने आज जमानत (Bail) दे दी है। इन पर आरोप है कि उन्होंने सोसायटी के भीतर घुसकर बवाल मचाया था। इन सभी आरोपियों को सोसायटी के लोगों ने पकड़कर पुलिस (Noida Police) के सुपुर्द किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा था। इससे पूर्व 11 अगस्त को श्रीकांत त्यागी को बदसलूकी मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। आज श्रीकांत त्यागी पर धोखाधड़ी मामले में भी जमानत पर सुनवाई होनी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोएडा के श्रीकांत त्यागी को नौ अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया गया था। उसे कोर्ट में पेश किया तो 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। श्रीकांत त्यागी ने महिला से बदसलूकी मामले में जमानत अर्जी लगाई थी। 11 अगस्त को सुनवाई के बाद सूरजपुर कोर्ट ने त्यागी को जमानत देने से इनकार कर दिया था। त्यागी के वकील ने उस पर दर्ज 420, 419, 482 IPC के केस का उल्लेख किया था। इसके लिए सुनवाई की तिथि यानी आज का दिन तय किया था। साथ ही त्यागी के छह साथियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए भी 16 अगस्त का दिन तय किया था।
सूरजपुर कोर्ट ने त्यागी के इन छह साथियों को आज जमानत दे दी है। त्यागी के जिन समर्थकों को जमानत मिली है, उनका नाम प्रिंस त्यागी, नितिन त्यागी, रवि पंडित, लोकेंद्र त्यागी, चर्चिल और राहुल बताया गया है। कुछ देर बार श्रीकांत त्यागी के धोखाधड़ी मामले की जमानत पर सुनवाई होनी है।