पुलिस हिरासत से फरार होकर नानी के घर पहुंचा युवक, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

तबीयत खराब होने पर लुक्सर कारागार जेल में बंद आरोपी युवक को अस्पताल ले गई थी। यहां पर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था आरोपी। पुलिस ने एटा से दबोचा।;

Update: 2021-04-11 08:47 GMT

जिला कारागार में तबीयत खराब होने के चलते अस्पताल में भर्ती होने के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी को एटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्रेटर नोएडा के अस्पताल से फरार होकर एटा अपनी नानी के घर जा पहुंचा। यहां दो दिन बाद एटा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह यहां से फरार होकर अपनी नानी के घर छिपा हुआ था।

अपर उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने रविवार को बताया कि थाना ईकोटेक- 3 पुलिस ने एक छात्रा को घर में घुसकर धमकी देने के आरोप में राजन नाम के शख्स को मार्च में गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि राजन जिला कारागार लुक्सर जेल में बंद था। यहां अचानक ही उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसे उसे आठ अप्रैल को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया था। यहां से आरोपी मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग गया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी।

अपर उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने निलंबित कर दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से भागे कैदी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने शनिवार देर रात को पुलिस की एक टीम ने एटा जिले से राजन को गिरफ्तार कर लिया। अपर उपायुक्त ने बताया कि आरोपी पुलिस हिरासत में भागकर अपनी एटा निवासी नानी के घर जा पहुंचा था। वह वहां पर छिपा हुआ था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

Tags:    

Similar News