राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के किए दर्शन, राज्यपाल और सीएम मौजूद रहे
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज मथुरा वृंदावन दौरे पर हैं। उन्होंने वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।;
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind) आज मथुरा वृंदावन (Mathura Vrindavan) दौरे पर हैं। आज सुबह करीब 9.45 बजे कृष्णा कुटीर के समीप बनाए गए हेलीपैड पर राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरा। यहां प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Governor Anandiben Patel) और सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर का दर्शन करने के लिए रवाना हो गए। उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को देखकर जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, वहीं राधा कृष्ण नगरी में भव्य सजावट की गई। वृंदावन के मंदिरों को फूलों से सजाया गया। राष्ट्रपति कोविंद ने जैसे ही मंदिर परिसर में प्रवेश किया तो मंदिर परिसर वेद मंत्रोच्चारणों से गूंज उठा। यहां राष्ट्रपति ने गर्भगृह के सामने पहुंचकर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी को प्रसाद, इत्र, गुलाव चढ़ाया। राष्ट्रपति देर तक अपलक ठाकुर बांकेबिहारी की मनोहरी छवि को निहारते रहे।
बताया गया है कि बिहारी जी मंदिर में दर्शन और पूजा करने के बाद कृष्णा कुटीर आश्रम पहुंचेंगे और यहां रह रहीं निराश्रित महिलाओं से मिलेंगे। यहां करीब एक घंटे रहने के बाद राष्ट्रपति वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उधर, एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट में शामिल दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके अलावा ठाकुर बांके बिहारी मंदिर का एक कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित मिला। इन तीनों को जांच के बाद उनको उनकी ड्यूटी से पहले ही हटा दिया था।