Presidential Election 2022: सीएम योगी एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के लिए संसद पहुंचे, अखिलेश कर रहे बैठक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 जून को दिल्ली में राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। आज वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल होने के लिए संसद पहुंचे हैं।;
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज 24 जून को नामांकन करेंगी। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ नामांकन प्रक्रिया से पहले आज संसद पहुंच गए हैं। उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर मंथन कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ नामांकन से एक दिन पहले गुरुवार शाम को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति पद की एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से 11 अकबर रोड पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। आज द्रौपदी मूर्मी के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी शासित राज्यों के अन्य मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
अखिलेश यादव कर रहे मंथन
राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को चुनाव होगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर आज सुबह दस बजे बैठक बुलाई है। बैठक में सपा के सभी विधायक और सांसद शामिल रहेंगे। इस बैठक में विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को लेकर आगे की रणनीति पर मंथन होगा।
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 29 जून नामांकन की अंतिम तारीख है। 18 जुलाई को चुनाव होगा, जबकि मतगणना 21 जुलाई को होगी। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से है।