कल मथुरा में किसान पंचायत करने नहीं आएंगी प्रियंका गांधी, इस दुखद कारण के चलते टाला दौरा

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने जिस तरह से कृषि कानूनों के खिलाफ केंद्र की मोदी सरकार को घेरना शुरू किया है, उससे पार्टी कार्यकर्ताओं के अंदर नए उत्साह का संचार हुआ है। प्रियंका की सहारनपुर और बिजनौर में हुई किसान महापंचायतों में भारी भीड़ उमड़ी थी। ऐसे में मथुरा के कार्यकर्ता भी जोर शोर से तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अब कांग्रेस महासचिव का मथुरा दौरा रद्द होने से इनमें मायूसी है। आखिरी वक्त में मथुरा दौरा क्यों टाला गया, पढ़िये ये रिपोर्ट ...;

Update: 2021-02-18 09:37 GMT

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की कल मथुरा में होने वाली किसान पंचायत को टाल दिया गया है। उनका दौरा रद्द होने के पीछे का कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा का निधन होना बताया गया है। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि जल्द ही नया कार्यक्रम तय कर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने जिस तरह से कृषि कानूनों के खिलाफ केंद्र की मोदी सरकार को घेरना शुरू किया है, उससे पार्टी कार्यकर्ताओं के अंदर नए उत्साह का संचार हुआ है। कांग्रेस महासचिव ने 15 फरवरी को बिजनौर और 10 फरवरी को सहारनपुर के चिलकाना में किसान पंचायत की थी, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने 11 फरवरी को मौनी अमावस्या पर प्रयागराज जाकर संगम में डुबकी लगाई। उनके इस दौरे के पीछे भी एक राजनीतिक संदेश छिपा था।

प्रियंका गांधी की कल की मथुरा प्रस्तावित किसान पंचायत को लेकर भी कार्यकर्ता बेहद उत्साह के साथ जुटे थे, लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि उनका यह दौरा रद्द कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा के निधन के चलते प्रियंका जी का दौरा रद्द हुआ है। जल्द ही कार्यक्रम की नई रूपरेखा तैयार कर लोगों से साझा की जाएगी।

Tags:    

Similar News