मेरठ में दुष्कर्म पीड़िता ने थाने में किया हंगामा, पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता सरधना नगर की रहने वाली है। पीड़िता का आरोप है कि उसने पांच दिन पहले पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।;

Update: 2021-05-05 14:16 GMT

उत्तर प्रदेश के सरधना नगर में दुष्कर्म पीड़ित महिला ने संबंधित थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिला ने आरोप लगाया कि वह पिछले पांच दिनों से थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जा रहा। पीड़िता ने पुलिस पर मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता के पति की मौत हो चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह शादी करने से मुकर गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसने पांच दिन पहले संबंधित पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी, लेकिन अभी तक उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया।

ऐसे में महिला बुधवार को थाने पहुंची और जमकर हंगामा किया। महिला ने कहा कि जब तक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक घर वापस नहीं जाएगी। पुलिस ने पीड़िता को भरोसा दिया है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Tags:    

Similar News