शिवपाल यादव ने किया प्रसपा का पुनर्गठन, नौ प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष बनाए, अखिलेश ने एक दिन पहले कसा था तंज
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने अपनी पार्टी को मजबूत करने की राह पर कदम आगे बढ़ा लिया है। उन्होंने नौ प्रकोष्ठों में प्रदेशाध्यक्ष को नियुक्त किया गया है। पढ़िये यह रिपोर्ट...;
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (Pragatisheel Samajwadi Party Lohiya) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने अपनी पार्टी को मजबूत करने की राह पर कदम आगे बढ़ा लिया है। उनका यह कदम समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के उस बयान के एक दिन बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने शिवपाल यादव को अपना संगठन मजबूत करने की सलाह दी थी। अब शिवपाल यादव ने प्रसपा के नौ प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष का ऐलान कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने आशुतोष त्रिपाठी को युवजन सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। नितिन कोहली को यूथ ब्रिगेड, दिनेश यादव को छात्र सभा, मोहम्मद आलिम खान को लोहिया वाहिनी का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारीअनिल वर्मा, महिला सभा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी शम्मी वोहरा को दी गई है।
इसी प्रकार संगीता यादव सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, अजीत चौहान अधिवक्ता सभा और रवि यादव शिक्षक महासभा के प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए हैं। इस सभी प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति पत्र प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ( लोहिया) के राष्ट्रीय महासचिव और शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने जारी किया है।
अखिलेश यादव ने एक दिन पहले दी थी नसीहत
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कल झांसी में एक पत्रकारवार्ता के दौरान शिवपाल से जुड़े सवाल पर जवाब दिया था कि शिवपाल यादव प्रमुख नेता हैं और उन्हें अपने दल को मजबूत बनाना चाहिए। इससे पूर्व कयास लग रहे थे कि शिवपाल यादव भाजपा का दामन थाम लेंगे। यही नहीं आजम खान से मिलने के बाद यह भी चर्चाएं चल रही थी कि आजम खान के जेल से बाहर निकलने पर शिवपाल यादव नया मोर्चा बना सकते हैं। अब शिवपाल यादव ने नौ प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद सपा विधायक दलों की बैठक में शिवपाल को निमंत्रित नहीं किया गया था, तब से शिवपाल यादव नाराज हैं। पिछले दिनों ईद पर तो उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि हमने जिन्हें चलना सिखाया, वो हमें रौंदता हुआ निकल गया। शिवपाल ने इससे पूर्व प्रसपा की सभी इकाइयों, प्रकोष्ठों और प्रवक्ताओं को भंग कर दिया था। अब शिवपाल यादव ने दोबारा से प्रसपा के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।