अखिलेश यादव के निर्देश पर आजम खान से मिलने पहुंचे सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा, जानिये आने की वजह?
लखनऊ मध्य से सपा विधायक रविदास आज सुबह 11 बजे सीतापुर जेल पहुंचे। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देश पर आजम खान से मिलने पहुंचे थे। पढ़िये पूरी रिपोर्ट...;
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (Pragatisheel Samajwadi Party Lohiya) के संरक्षक शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) के बाद लखनऊ मध्य (Lucknow Central) से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के विधायक रविदास मेहरोत्रा (Ravidas Mahrotra) आज सीतापुर जेल (Sitapur Jail) पहुंचकर आजम खान (Azam Khan) से मुलाकात करने पहुंचे। हालांकि आजम खान ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। जेल से बाहर निकलने के बाद रविदास ने योगी सरकार (Yogi Government) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आजम खान जेल में सुरक्षित नहीं हैं और उन पर जानलेवा हमला हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लखनऊ मध्य से सपा विधायक रविदास आज सुबह 11 बजे सीतापुर जेल पहुंचे। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के निर्देश पर आजम खान से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों को डर है कि कहीं जेल में आजम खां की हत्या न करा दी जाए। आजम खान पिछले करीब 26 महीने से जेल में हैं। उन पर छोटे से छोटे मामलों में भी फर्जी मुकद्दमा कराया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आजम खां पर जुल्म कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग यही है कि आजम खान बेहद बीमार हैं और उन्हें जल्द रिहा किया जाना चाहिए। रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। सरकार मुख्य मुद्दों से भी जनता का ध्यान बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी। उधर, जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया आजम खान ने रविदास मेहरोत्रा से मिलने से मना कर दिया था। इसके बाद वे वापस चले गए हैं।
शिवपाल यादव भी मिल चुके हैं आजम खान से
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संरक्षक शिवपाल यादव भी 22 अप्रैल को आजम खान से मुलाकात कर चुके हैं। करीब डेढ़ घंटे चली मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि अखिलेश चाहते तो आजम खान जेल से बाहर होते। आजम भाई के लिए सपा ने संघर्ष नहीं किया।
उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा में इस समय आजम खां से वरिष्ठ सदस्य कोई नहीं है, फिर भी सपा ने कभी आजम खान की मदद नहीं की और न ही संघर्ष करते दिखाई दी। उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह पर भी निशाना साधा था। कहा था कि नेताजी प्रधानमंत्री जी का सम्मान करते हैं। वो भी चाहते तो उनके सामने भी आजम भाई का मसला उठाया जाना चाहिए था।