UP: रामनगरी अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा में मची भगदड़, 5 महिलाएं घायल
अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा के दौरान मंगलवार की रात भगदड़ मच गई। हादसे में पांच महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद व्यवस्था को लेकर प्रशासन के तमाम दावों पर सवाल उठ रहा है।;
रामनगरी अयोध्या (Ayodhya) में चल रही 14 कोस की परिक्रमा (14 Kosi Parikrama) के दौरान मंगलवार की रात बड़ा हादसा हो गया। भीड़ के चलते अचानक भगदड़ (Stampede) मच गई। इसमें पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल (5 Women Injured) हो गईं। घायलों को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से एक महिला को बेहद गंभीर हालत के चलते लखनऊ रेफर कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हनुमान गुफा (Hanuman Gufa) के पास मंगलवार रात भक्तों की भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। श्रद्धालु एक दूसरे को रौंदते हुए निकले। बेकाबू भीड़ की चपेट में आकर कई लोगों को चोटें लगीं। हादसे में बइराइच की रहने वाली पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। भगदड़ की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। इसके बाद घायल महिलाओं को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से पांचों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में एक महिला की हालत बेहद गंभीर के चलते लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि जिला अस्पताल से चार महिलाओं की हालत खतरे से बाहर है। हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हम चिल्लाते रहे, वो रौंदते हुए निकल गए
घटना मंगलवार की रात बीती रात करीब एक से डेढ़ बजे की है। हनुमान गुफा के पास जब भगदड़ मची तो भीड़ एक दूसरे को रौंदते हुए निकली। हादसे में घायल बहराइच की रामादेवी ने बताया कि इस भगदड़ के चलते हम पांच महिलाएं एक साथ गिर पड़ीं। परिक्रमा लगा रहे लोग हमारे ऊपर से गुजर गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे उन्हें बचाया।
हादसे में घायल दूसरी महिला कीर्ति ने बताया कि पीछे से भीड़ को पुलिस ने रोक रखा था। फिर अचानक भीड़ का दबाव आया और हम गिर पड़े। लोग हमारे ऊपर से लोग चढ़ते हुए निकल गए। कीर्ति ने बताया कि अपनी जान बचाने के लिए हमने लोगों से खूब गुहार लगाई। हम चिल्लाते रहे, लोग हमारे ऊपर से निकलते रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हम लोगों की जान बच सकी।
हादसे में घायल महिलाएं
- कल्याना पत्नी रामकेवल, उम्र 60 साल, निवासी पखरपुर, बहराइच
- कीर्ति कुमारी पत्नी राम नरेश मिश्रा, उम्र 40 साल, निवासी पखरपुर, बहराइच
- बिट्टी पत्नी साधु राम अवस्थी, उम्र 70 साल, निवासी किशनगंज, बहराइच
- सावित्री पत्नी सुंदरलाल, उम 60 साल, निवासी नवसहरा, बहराइच
- रामादेवी पत्नी आज्ञाराम त्रिवेदी, उम्र 70 साल, निवासी नगला तोहरा, बहराइच
परिक्रमा में 30 लाख लोगों के आने का अनुमान
रामनगरी अयोध्या की इस 14 कोसी परिक्रमा में 30 लाख भक्तों के आने का अनुमान है। परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परिक्रमा में 36 जगहों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिक्रमा मार्ग को पांच सेक्टरों में बांटा गया है।