UP Corona Update : लखनऊ में एक साथ दर्जनों चिताएं जलतीं देख सियासत गरमाई, प्रियंका गांधी और संजय सिंह ने ऐसे घेरा
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 22439 नए मरीज मिले हैं। यह आंकड़ा इस महामारी के फैलने की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले नए मामलों के लिहाज से सर्वाधिक है।;
उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच रोजाना मिलने वाले नए मामलों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना संक्रमित 22439 नए मरीज मिले हैं। यह आंकड़ा इस महामारी के फैलने की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले नए मामलों के लिहाज से सर्वाधिक है। राजधानी लखनऊ में कोरोना की मार सबसे ज्यादा पड़ी है। यहां एक एंबुलेंस में तीन से चार शव ले जाते दिखाई दे रहे हैं, वहीं श्मशानघाट पर दर्जनों चिताएं एक साथ जलने के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।
लखनऊ के बैकुंठ धाम से बीते बुधवार को वायरल वीडियाे के बाद तो सियासत भी गरमा गई है। इस वायरल वीडियो में श्मशानघाट के भीतर दर्जनों चिताएं जलतीं दिखाई दे रही हैं। वीडियाे सामने आने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में श्मशानघाट के चारों ओर अस्थाई टीन तो लगवा दिए, लेकिन विपक्ष ने इस पर सरकार को घेर लिया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बैंकुठ धाम का वीडियो ट्विट करते हुए लिखा, 'उप्र की सरकार से एक निवेदन है। अपना समय, संसाधन और ऊर्जा इस त्रासदी को छुपाने, दबाने में लगाना व्यर्थ है। महामारी को रोकने, लोगों की जान बचाने, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाइए। यही वक्त की पुकार है।'
आम आदमी पार्टी ने के सांसद संजय सिंह ने इसका एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, 'लखनऊ बैकुंठ धाम: अगर अस्पताल बनाने में इतनी मेहनत की होती तो श्मशान छिपाने की ज़रूरत नहीं पड़ती।'
इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले यूपी सरकार के बचाव में आए। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के उन आरोपों को बेबुनियाद बताया, जिसमें प्रियंका ने कहा था कि योगी सरकार आंकड़ों से नहीं बल्कि लोगों की जिंदगियों से खेल रही है। इसके जवाब में रामदास अठावले ने कहा कि प्रियंका गांधी के आरोप में तथ्य नहीं है। जितने भी लोग पॉजीटिव आ रहे हैं, उतने आंकड़े सामने आ रहे हैंं। उत्तर प्रदेश सरकार आंकड़ों को छिपाने की कोशिश नहीं कर रही। यह उनका (प्रियंका गांधी) बचपना है।'
हालात पर पूरी निगरानी
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में 4222 लोग कोरोना से स्वस्थ भी हुए हैं। वर्तमान में नए मामले मिलने के बाद कुल एक्टिव केस 1,29,848 हैं। संक्रमण से कुल 9,480 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 2,06,517 सैंपल की जांच हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 3,75,90,753 सैंपल की जांच की गई है। अब तक 86,24,856 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है। इनमे से 14,26,472 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों से आने वाले लोगों के लिए ग्राम पंचायत और विद्यालयों में क्वारंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जांच पॉजीटिव मिलने पर 14 दिन के होम आइसोलेशन में भेजा जाएगा।