UP Election 2022 : अखिलेश यादव बोले- जनता बदलना चाहती है 'बाबा मुख्यमंत्री' को, ओवैसी पर फायरिंग को लेकर बीजेपी से पूछा यह सवाल?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आरएलडी के मुखिया जयंत चौधरी ने अलीगढ़ में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने हाथरस घटना से लेकर असदुद्दीन ओवैसी पर फायरिंग को लेकर भी सवाल उठाए। पढ़िये पूरी रिपोर्ट...;
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के मद्देनजर अलीगढ़ (Aligarh) की सात सीटों पर 10 फरवरी को वोट डाले जाने हैं। इनमें शहर, बरौली, छर्रा, खैर, कोल, इगलास और अतरौली की विधानसभा सीट शामिल हैं। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (RLD) के मुखिया जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) आज अलीगढ़ में चुनाव प्रचार अभियान पर हैं। उन्होंने जहां यूपी में डांवाडोल विकास को लेकर प्रहार किया तो वहीं कानून व्यवस्था लेकर तमाम आरोप भी लगाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि ये चुनाव संविधान बचाने का है। दिल्ली में नई लोकसभा बना रहे हैं। बीजेपी सरकार में आ गई तो हो सकता है कि ये लोग संविधान ही बदल दें। इंडिया गेट में अमर जवान ज्योति को बदल दिया, ये हर चीज बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता इस बार इनके बाबा मुख्यमंत्री को बदलना चाहती है।
ओवैसी पर हमले को लेकर बीजेपी से मांगा जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि असदु्द्दीन ओवैसी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मिलते ही सपा ने घटना की निंदा की। बीजेपी को जवाब देना चाहिए कि क्या किसी राजनीतिक नेता को देखकर माफिया ने गोली चला दी। यह कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी विफलता है। हमने कई बार उनकी कानून-व्यवस्था देखी है।
उन्होंने हाथरस घटना पर भी प्रहार किया। कहा कि हाथरस की बेटी का परिवार न्याय चाहता था, वे उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करना चाहते थे। लेकिन इस सरकार के लोगों ने क्या किया? उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया। अस्पताल में उचित इलाज होता तो शायद आज जिंदा होती। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले प्रचार और झांसा देने में बहुत आगे हैं, भाजपा में जो जितना बड़ा नेता है वो उतना बड़ा झूठ बोलता है। अगर छोटा नेता है तो वो छोटा झूठ बोलेगा और अगर बड़ा नेता है तो वो बड़ा झूठ बोलेगा।