UP Election 2022 : अखिलेश यादव बोले- सपा की साइकिल हेलीकॉप्टर तेजी से चल रही, आज पूरा हो जाएगा शतक
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्नाव में रैली को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि आज सपा शतक पूरा कर लेगी। चौथे चरण में सपा हासिल कर लेगी सरकार बनाने का बहुमत। पढ़िये यह रिपोर्ट...;
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सैफई के जसवंतनगर (Jaswantnagar Constituency) में मतदान करने के बाद उन्नाव रैली (Unnao Rally) को संबोधित किया। यहां उन्होंने सैफई से उन्नाव तक पहुंचने के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि आज साइकिल तेज रफ्तार से चल रही है। उन्होंने कहा कि सपा शतक आज पूरा कर लेगी। चौथे चरण के बाद तो सपा सरकार बनाने के लिए ही बहुमत हासिल कर लेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा कि आज हवा बहुत तेज चल रही है। हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचा तो देखा कि उसकी रफ्तार धीमी है, जबकि साइकिल की रफ्तार तेज है। उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षा मित्र, बीपीएड, बीपीएड के साथियों को बीजेपी से लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। आरक्षण के लिए भी लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी।
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे बाबा सीएम ने नौजवानों के सपने तोड़ दिए। बाबा सीएम 24 घंटे काम करते है, फिर भी रोजगार नहीं मिला। भाजपा ने यूपी का विकास रोका है। इनका हर वादा भी जुमला ही निकला। बताओ किसानों की आय दोगुनी हुई क्या, कोई फसल एमएसपी पर बेची हो तो बता दीजिए?
उन्होंने कहा कि भाजपा वाले ठंडे पड़ गए हैं। मतदान होने के साथ इनके नेता सुन्न पड़ते जा रहे हैं। उन्नाव की जनता वोट डालेगी तो यह लोग शून्य हो जाएंगे। अंतिम चरण में भाजपा के बूथों पर ही भूत नाचेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बना पाई तो दोबारा से जनता को दोगुनी महंगाई झेलनी पड़ेगी। युवाओं को रोजगार के लिए भटकना होगा। उन्होंने कहा कि अगर चाहते हैं कि प्रदेश का संपूर्ण विकास हो तो भारी मतों से सपा को जीत दिलाएं।